सांस्कृतिक कार्यक्रम से बढ़ता है भाईचारा
सांस्कृतिक कार्यक्रम केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि पुरानी संस्कृति की पुनरावृत्ति के साथ-साथ आपसी प्रेम व भाईचारे को भी बढ़ाता है। उक्त बातें चौसा प्रखंड क्षेत्र के अरजपुर पश्चिमी पंचायत के साधु टोला में होली के अवसर पर शुक्रवार की संध्या में आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अरजपुर पश्चिमी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सुबोध कुमार सुमन ने कही। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में पश्चिमी सभ्यता को अपनाने की होड़ मची है। वहीं इस दौर में हम पौराणिक यादों को भूल रहे हैं, उसे जिंदा रखने में सांस्कृतिक कार्यक्रम की अहम भूमिका है। इससे पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन मुखिया प्रतिनिधि सुबोध कुमार सुमन, सुनील कुमार मंडल एवं अरजपुर पश्चिमी पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। समाजसेवी संजय मंडल ने कहा कि साधु टोला के युवाओं में यह हौसला जुटा लिया। हर वर्ष इस तरह का कार्यक्रम कर आपसी प्रेम बनाए रखने में तैयार रहेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में दोनों दिन मतवाला आर्केस्ट्रा म्यूजिकल ग्रुप के दिलीप कुमार दीवाना के अलावा कई कलाकारों ने नए-पुराने गीत संगीत का कार्यक्रम पेश किया।
साधु टोला में सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन करते मुखिया प्रतिनिधि और अन्य।