उदाकिशुनगंज के पंसस पर जानलेवा हमला, रेफर
अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से सिर पर वार कर बुरी तरह घायल कर दिया
उदाकिशुनगंज मुख्यालय के पश्चिमी पंचायत समिति सदस्य संजय मार्शल पर गुरुवार की देर शाम करीब आठ बजे गुदरी चौक के पास एक अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से सिर पर वार कर बुरी तरह घायल कर दिया। उस समय वह एक दुकान पर बैठे थे। हमलावर मौके से फरार हो गया। पुलिस प्रशासन को घटना कि मौखिक रूप से सूचना दी गई। मिली जानकारी के अनुसार पंसस मार्शल बुरी तरह जख्मी हो गए थे। उन्हें बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र कहीं भेजा गया है। सीधे तौर पर घटना कि पूर्ण जानकारी किसी के द्वारा नहीं दी जा रही है। घटना का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है। हमलावर भी पंसस के घर के अगल- बगल के ही बताए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष शशिभूषण सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुटी है। घटना से संबंधित आवेदन अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर या फर्द बयान दिए जाने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।