- Hindi News
- National
- Puraini News Jubba Sahni Was An Ally Of Mahatma Gandhi In The Freedom Struggle Umesh Sahni
आजादी की लड़ाई में महात्मा गांधी के सहयोगी थे जुब्बा सहनी : उमेश सहनी
1942 ई. में भारत छोड़ो आंदोलन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर देश की आजादी के लिए लड़ने वाले जुब्बा सहनी का नाम अभी भी श्रद्धा से लिया जाता है। यही कारण है कि पुरैनी के लोगों द्वारा पुरैनी में जुब्बा चौक की स्थापना कर उनकी कृति को अमर कर दिया गया है।
उक्त बातें पुरैनी पंचायत के सरपंच सह प्रखंड सरपंच संघ के अध्यक्ष उमेश सहनी ने शुक्रवार को शहादत दिवस के मौके पर आयोजित चौपाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कही। सहनी ने कहा कि नागरिकों पर अन्याय करने वाले अंग्रेजी थानेदार लियो वायलर को मुजफ्फरपुर के मीनापुर थाने में जिंदा जला दिया था। इसी कारण 11 मार्च 1944 को भागलपुर जेल में आंदोलनकारी जुब्बा को फांसी दे दी गई थी। उन्हीं के नाम को प्रतिष्ठा प्रदान करने के लिए सेंट्रल जेल भागलपुर का नाम जुब्बा सहनी भागलपुर सेंट्रल जेल रखा गया है। कहा कि आजादी की लड़ाई में जुब्बा गांधी जी के सहयोग थे।
पुरैनी मुख्यालय स्थित वार्ड संख्या-नौ, पश्चिमी निषाद नगर में आयोजित कार्यक्रम में सीएम नीतीश कुमार द्वारा रचित पुस्तक संसद में विकास की बातें से प्रेरित होकर गांव में विकास की बातें चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जदयू अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विनोद कांबली निषाद ने भी जुब्बा सहनी के व्यक्तित्व व कृतित्व पर चर्चा की तथा उनके विचारों को अंगीकार करने का आह्वान किया। इस दौरान अतिथियों ने स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद जुब्बा सहनी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए उन्हें याद किए। इस मौके पर विनोद कांबली निषाद ने सामाजिक सरोकार से जुड़े जमीनी मुद्दों को जोर-शोर से उठाते हुए कहा कि जनता कभी भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेगी।