अपहृत नाबालिग मिली पुलिस हिरासत में आरोपी
मुरलीगंज | मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिपुरकला तिनकोनमा से एक नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में लड़की के पिता ने मुरलीगंज थाने में आवेदन दिया था। जिसमें उन्होंने लिखा है कि नौ मार्च की रात से उनकी 14 वर्षीय पुत्री घर से गायब है। आशंका है कि लड़की को नगर पंचायत मुरलीगंज के पंचगछिया वार्ड संख्या-14 निवासी चंद्रकिशोर साह के पुत्र जयकुमार साह एवं अमरदीप साह ने अपने सहयोगी दिनेश साह के पुत्र छोटू साह तथा जयकिशोर यादव के पुत्र सुबोध यादव के साथ मिलकर शादी की नीयत से बहला-फुसला कर गायब कर दिया है।
घटना की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि आवेदन के आलोक में छानबीन की गई और अपहृत को आरोपी के साथ बरामद कर लिया गया। आरोपी को हिरासत में रखा गया है जबकि अपहृता को 164 के बयान हेतु व्यवहार न्यायालय, मधेपुरा भेज दिया गया है।