प्रो. खालिद बने राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने प्रो.खालिद को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया है। गुरुवार को मनोनयन की जानकारी मिलते ही पूरे प्रदेश से उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। लोग दलगत भावना से ऊपर उठकर उन्हें बधाई दे रहे हैं। ज्ञातव्य है कि प्रो. खालिद मूल रूप चौसा प्रखंड के पैना गांव के निवासी हैं। उन्होंने जेपी आंदोलन से अपनी राजनीति पारी की शुरुआत किया था तथा राजद के स्थापना काल से ही पार्टी के विभिन्न पदों को सुशोभित करते रहे हैं। वे जिला परिषद मधेपुरा के उपाध्यक्ष के अलावा लंबे समय तक राजद के मधेपुरा जिलाध्यक्ष तथा प्रदेश महासचिव रह चुके हैं। उनके अनुभव को देखते हुए इस चुनावी वर्ष में राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है। प्रदेश अध्यक्ष बनने पर प्रो. खालिद ने कहा कि वे राजद के सिपाही हैं। राजद प्रमुख ने उन्हें जो जिम्मेदारी दिया है उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वे अंतिम दम तक सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और समावेशी विकास के लिए काम करेंगे। बधाई देने वालों में सीमा गुप्ता, राजद प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद मार्शल, चौसा प्रखंड प्रमुख शंभू प्रसाद यादव, राजद के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सुशील यादव, मुकुल यादव, अर्जुन यादव, रितेश रंजन व गजेंद्र यादव सहित अन्य रहे।
राजद से बढ़ेगा अल्पसंख्यकों का जुड़ाव : प्रभाष
मधेपुरा | राजद के पूर्व जिलाध्यक्ष मो. खालिद को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह द्वारा जारी किए पत्र के अनुसार जिन सात प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किए गए हैं, उनमें अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में आलमनगर विधानसभा क्षेत्र निवासी मो. खालिद भी हैं। राजद के प्रदेश महासचिव ई. प्रभाष ने कहा कि वैसे तो अल्पसंख्यकों का जुड़ाव राजद के साथ शुरू से रहा है। मो. खालिद को इस प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से राजद और मजबूत होगा, इससे अल्पसंख्यकों का जुड़ाव भी पार्टी से बढ़ेगा। जिलाध्यक्ष जयकांत यादव ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद मो. खालिद और सक्रियता के साथ पार्टी के संगठन को मजबूत करने का काम करेंगें। विधायक प्रो. चंद्रशेखर, प्रो. अरविंद कुमार, भोला यादव, बिजेंंद्र यादव, मो. लोकमान, अमरेंद्र कुमार, रमेश रमण ने बधाई दी है।
प्रो. खालिद।