उंगली का निशान ले महिला के खाते से निकाला ~5 हजार
एसबीआई के सीएसपी संचालक पर एक महिला ने अंगूठे का फिंगर प्रिंट लेकर उसके खाते से रुपए गायब करने का आरोप लगाया है। मामला चौसा पूर्वी पंचायत के बीरबल टोला का है। इसे लेकर पीड़िता रुही खातून ने अधिकारियों को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। चौसा पूर्वी पंचायत के बीरबल टोला की पीड़िता रुही खातून ने कहा है कि उसके पति मुन्ना आलम मजदूरी करने पंजाब गए हैं। वह अपनी घर बीरबल टोला में ही रहकर जीवन-यापन करती हैं। लगभग 10 दिन पूर्व उसने सब्जी की खरीद-बिक्री करने के लिए एक संस्था से पांच हजार रुपए का लोन लिया था। उस संस्था ने उसकी लोन के लिए स्वीकृत की गई राशि को महिला के खोखन टोला के पास अवस्थित एसबीआई के सीएसपी में संचालित खाता पर ट्रांसफर कर दिया। महिला जब लोन की राशि उठाव करने के लिए सीएसपी पर गई तो सीएसपी संचालक मनोरंजन कुमार ने उसका फिंगर प्रिंट ले लिया और महिला को मात्र 2 हजार रुपए देने लगा। तो महिला ने राशि लेने से इंकार करते हुए लोन के लिए स्वीकृत की गई पांच हजार की मांग की। इस पर सीएसपी संचालक ने दूसरे दिन आने को कहा। पीड़ित महिला जब 6 मार्च को राशि उठाव करने सीएसपी पर गई तो सीएचसी संचालक ने महिला के खाते में मात्र 27 रुपए जमा दिखाया।
इस बाबत सीएसपी संचालक निरंजन कुमार ने बताया कि किसी दूसरे जगह से रुपए की निकासी हुई है। जिस केंद्र से निकासी हुई है उसका कोड दिखाएगा। महिला किसी के बहकावे में आकर उसपर पर गलत आरोप लगा रही है। थानाध्यक्ष महेश कुमार रजक ने कहा कि मामले की जांच- पड़ताल की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।