कबाड़ में तब्दील हो रहे हैं वाहन
थाना परिसर में विभिन्न मामले में वर्षों पूर्व जब्त किए गए वाहनों में दो पहिया व चार पहिया वाहन अब कबाड़ में तब्दील हो रहे हैं। इसमें दर्जनों वाहन ऐसे हैं, जो पिछले 10 वर्ष से नीलामी की बाट जोह रहे हैं। नीलाम नहीं होने के कारण सरकार को राजस्व की क्षति हो रही है।
अधिक मात्रा में थाना परिसर के अंदर बाइक व चार पहिया वाहन लगे रहने के कारण सफाई कर्मचारियों को भी साफ- सफाई करने में परेशानी होती है। संबंधित अधिकारी न तो इन वाहनों को हटा पा रहे हैं और न ही अब तक नीलामी कर रहे हैं। इसमें कुछ वाहन तो कबाड़ में बिकने लायक भी नहीं बचे हैं। पिछले करीब दो वर्षों में मात्र 3 से 4 दोपहिया वाहन जो शराब तस्कर से जब्त किए गए थे वे नीलाम हुए हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष महेश कुमार रजक ने बताया कि थाने में खड़े वाहनों का निस्तारण करने के लिए वरीय पदाधिकारी को पत्र लिखा जाएगा। जल्द ही वाहनों को एकत्र कर उनकी नीलामी कराई जाएगी।
चौसा थाने में जब्त वाहन, जो नीलामी नहीं होने से कबाड़ में तब्दील हो रहे हैं।