दहेज के लिए पत्नी की कर दी हत्या
मुरलीगंज थाना के क्षेत्र के जीतापुर पंचायत अंतर्गत बरियाही वार्ड संख्या-छह में दहेज नहीं देने पर पति समेत उनके परिजनों ने विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी है। घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। इसके बाद परिजन फरार हो गए। मुरलीगंज थाने में दिए गए आवेदन में मृतका के पिता रमेश मंडल ने बताया कि वे अपनी 25 वर्षीय बेटी खुशबू कुमारी की शादी दो साल पूर्व बरियाही वार्ड संख्या-छह निवासी संजीव कुमार से किए थे। शादी के समय वे ससुराल वालों की मांगों के अनुसार उपहार भी दिया था। इस बीच खुशबू ने एक बेटी को जन्म दिया था।
शादी के बाद वह अपने ससुराल में ही रह रही थी। पति तथा उसके परिजनों द्वारा और दहेज की मांग की जा रही थी। दहेज देने में असमर्थ पाने की सूचना पर वे खुशबू के साथ मारपीट करते रहता था। उसने बेटी की विदाई के लिए भगीना को भेजा था जिसे उसके पति ने मारपीट कर भगा दिया तथा विदाई नहीं की। इसी दौरान शुक्रवार रात पति समेत परिजनों ने गला दबाकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। हत्या की सूचना दामाद के पड़ोसी ने दी। जानकारी मिलते ही जब वे बरियाही पहुंचे तो देखा की बेटी का शव घर में पड़ा है तथा वे सब फरार हैं।
थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि लड़की के पिता द्वारा प्राथमिकी हेतु आवेदन दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।