नरपतिनगर से 107 कार्टन विदेशी शराब बरामद
पंडौल | सकरी थाना क्षेत्र के नरपतीनगर पंचायत के हाटी से 107 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई। सकरी थाना में दर्ज मामले के अनुसार संध्या गश्ति के क्रम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार को सूचना मिली की सीमा हाटी में कुछ लोगों ने समूह बनाकर भारी मात्रा में विदेशी शराब मंगवाई है। सूचना मिलते ही एसआई अमरनाथ ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस बल वहां पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां बैठे कुछ लोग भागने लगे सशस्त्र बलों ने पीछा भी किया लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर सभी लोग भागने में सफल रहे। पुलिस बल ने नरपतीनगर पंचायत के हाटी निवासी शिव शंकर यादव के बेटे पंकज यादव की गौशाला की तलाशी ली। तलाशी के क्रम में उस घर से विदेशी शराब की 107 पेटियां बरामद हुई, जिसकी मात्रा 948.54 लीटर है। एसआई अमरनाथ ठाकुर के बयान पर हाटी निवासी संजीत यादव व महेंद्र यादव समेत लगभग आधा दर्जन शराब कारोबारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।