- Hindi News
- National
- Madhubani News Fogging Machine Malfunctioned For Over A Year Mosquito Bothers People In 30 Wards Resentment
फॉगिंग मशीन एक साल से खराब, 30 वार्डों में मच्छर से लोग परेशान, आक्रोश
नगर परिषद की लापरवाही शहर में रहने वाले लोगों के लिए जानलेवा हो सकता है। कारण शहर के अधिकांश कॉलोनियां के आस-पास छोटे-छोटे जलजमाव क्षेत्र हैं। और ये सभी जलजमाव क्षेत्र में गंदगी का ढेर लगा हुआ है। इन स्थानों पर फेंके जाने वाले कचरा के कारण हमेशा इसकी सड़ांध की गंध आस-पास के क्षेत्रों में फैलती रहती है। इस गंदगी के कारण कई विषैले कीड़े-मकोड़े का प्रजनन होता रहा है। खासकर गर्मी बढने के साथ ही शहर में मच्छरों का प्रकोप बढ गया है। शहर वासियों को मच्छरों के प्रकोप से निजात के लिए नप के पास 30 वार्डों के लिए केवल एक फॉगिंग मशीन की व्यवस्था है। वह भी लंबे समय से खराब है। इसके खराब रहने से इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। मजबूरी में मच्छरों से निजात के लिए किसी अन्य प्रकार के विकल्प का उपयोग कर रहें हैं। जबकि शहर के लोगों से होल्डिंग टैक्स के नाम पर 9 प्रतिशत हाउस, पानी, शौचालय, शिक्षा व स्वास्थ्य मद में टैक्स की वसूली की जाती है। पर सुविधा भगवान भरोसे है। शहरी क्षेत्र में केवल टैक्स वसूली का कार्य ही किया जाता है। शहर में मच्छरों का प्रकोप कभी भी जानलेवा हो सकता है। इससे मलेरिया डेंगू सहित अन्य प्रकार के बीमारी फैल सकती है।
शाम काे दूर दिन में भी मच्छराें का प्रकाेप काफी बढ गया है। वहीं नप से फॉगिंग मशीन खराब हाेने की बात पिछले वर्ष से ही की जा रही है। इसके मरम्मत में होने की बात भी बतलाई जा रही है। सफाई निरीक्षक अनिल झा ने बताया कि मशीन जब ठीक रहता है तो इसका उपयोग किया जाता है। वर्तमान में यह खराब है। इसे मरम्मत के लिए भेजा गया है। कुछ दिन पूर्व मलेरिया विभाग से फॉगिंग लेकर कुछ वार्डों में इसे चलाया गया था। पर वह भी वापस कर दिया गया है। नप का फॉगिंग एक सप्ताह के अंदर शहर में चलना प्रारंभ हो जाएगा।
शहर के गांधी चौक पर सड़ रहा कचरा।
कुव्यवस्था को लेकर वार्ड पार्षदों में आक्रोश
शहर में फॉगिंग मशीन नहीं चलने के कारण वार्ड पार्षदों में आक्रोश गहराता जा रहा है। वार्ड 20 के पार्षद उमेश प्रसाद ने बताया कि पिछले वर्ष बरसात के समय चार दिन फॉगिंग चला था। इसके बाद आज तक एक मिनट के लिए भी वार्ड में फॉगिंग नहीं चला है। वहीं वार्ड 23 के पार्षद अरुण कुमार राय ने कहा कि पिछले वर्ष एक दिन मुश्किल से 15 मिनट के लिए उनके वार्ड में फॉगिंग चला था। दोबारा आज तक हमारे वार्ड में यह नहीं चल सका है। जबकि मच्छरों के प्रकोप से अब घर में रहना मुश्किल हो रहा है। वार्ड 25 के पार्षद शबाना परवीन ने बताया कि वे दो वर्षों से वार्ड में फॉगिंग चलाए जाने की मांग करते रहें हैं। पर नप कर्मियों के कान पर जूं नहीं रेंगी। अब तो चर्चा करना भी छोड़ दिया है। वार्ड 16 के पार्षद प्रीति चौधरी ने बताया कि मेरे वार्ड में तीन साल में एक बार भी फॉगिंग नहीं चला। सफाई के लिए भी काफी माथापच्ची करनी परती है। उनलोगों को ब्लीचिंग तक नगर परिषद से उपलब्ध नहीं करवाया जाता है। जबकि इस पर होने वाले व्यय लाखों में है। भारी खर्च का बिल बनाए जाने के बावजूद भी जनता काे नप से किसी प्रकार की सुविधा नहीं मिल पा रही है। साथ ही पार्षदों ने बताया कि अब यदि शीघ्र वार्डों में फॉगिंग नहीं चलाया जाता है तो वे लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।