स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मानव शृंखला बनाकर नारेबाजी की
बिहार राज्य चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ प्रखंड शाखा बेनीपट्टी का अनिश्चितकालीन हड़ताल शनिवार को सातवें दिन भी जारी रहा। बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के राज्य समिति के सामान्य परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में बेनीपट्टी पीएचसी के स्वास्थ्य कर्मचारी विगत 8 मार्च से ही अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहकर अपने कार्यों का बहिष्कार किए हुए हैं। स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों के समर्थन में बेनीपट्टी पीएचसी प्रांगण में प्रतिदिन धरना दिया जा रहा है। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मानव शृंखला बनाकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। शनिवार को अपनी मांगों के समर्थन में पुरजोर नारेबाजी करते हुए स्वास्थ्य कर्मचारियों ने कहा कि शीर्ष 2211 एवं संबंधित उपशीर्षों में आवंटन नहीं रहने के कारण पिछले 8 महीने से वेतन आदि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। मांगें पूरी होने तक हड़ताल पर रहकर अपने कार्यों का बहिष्कार करेंगे। इसकी जानकारी पीएचसी प्रभारी सहित स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। कार्यक्रम को संघ के बेनीपट्टी प्रखंड अध्यक्ष अरविंद कुमार चौधरी, प्रखंड मंत्री विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष घनश्याम प्रसाद, महिला उप समिति की सुनैना देवी, सोन देवी, ममता कुमारी, शैल देवी, अनीता देवी आदि ने संबोधित किया।
बेनीपट्टी में धरना देते स्वास्थ्यकर्मी।