भारत विकास परिषद ने होली मिलन समारोह कराया
भारत विकास परिषद व योगा आश्रम के द्वारा नारायण विवाह भवन के इवेंट हाल में शहर के प्रबुद्धजनों के बीच होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। होली मिलन समारोह का संचालन करते हुए साहित्यकार उदय जायसवाल ने कहा की होली राग-द्वेष से मुक्त होकर मिलन का त्यौहार है। यह भाईचारा व सद्भावना का त्यौहार है। भारत विकास परिषद के सदस्य मनोहर चौधरी ने इस कार्यक्रम का आयोजन व संयोजन करके एक नेक संदेश समाज को दिया है। विकास परिषद के अध्यक्ष ज्योति रमण झा ने कहा की होली मिलन समारोह से समाज से वैमनस्यता दूर होती है। जात-पात, ऊच-नीच, हिन्दू-मुस्लिम की भावना से परे होकर होली मिलन समारोह आज के तनावपूर्ण माहौल में दवा की तरह है। इस अवसर पर रमण कुमार सिंह की टोली के द्वारा संगीत का कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। होली के गीत, जोगीरा की प्रस्तुति से व रंग गुलाल एक-दूसरे को लगाने से माहौल खुशनुमा बन गया था। होली मिलन समारोह में विधायक समीर कुमार महासेठ, विधान पार्षद सुमन कुमार महासेठ, डॉ. ए सिन्हा, भोलानंद झा, रिटायर्ड शिक्षा अधिकारी बालकृष्ण दास, योगेन्द्र ठाकुर, राज कुमार साह, अधिवक्ता परिमल कुमार दास, अरुण प्रधान, डॉ पवन कुमार चौधरी, ई रवि सहित कई अन्य शामिल हुए।