मांगों को ले 25 दिनों से स्कूलों में लटक रहा ताला
समान काम के बदले समान वेतन सहित सात सूत्री मांगों को लेकर बिहार राज्य शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति के आह्वान पर प्रखंड के सभी कोटि के सैकड़ों शिक्षक शिक्षिका पिछले 25 दिनों से बेमियादी हड़ताल पर हैं। इस दौरान प्रखंड के 112 प्रारंभिक व 12 उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में ताला लटक रहा है। इस दौरान सभी स्तर के हजारों छात्रों का पठन पाठन पूरी तरह ठप है। जिससे,हजारों छात्रों का भविष्य चौपट हो रहा है। सूबे की सरकार एवं शिक्षकों के अड़ियल रवैये से प्रखंड के हजारों अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर काफी चिंतित हैं। इधर शिक्षक भी अपनी मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने पर अड़े हुए हैं। जबकि,सरकार हड़ताल तोड़वाने की दिशा में संघीय नेताओं से वार्ता भी नहीं कर रही है।