- Hindi News
- National
- Benipatti News No Street In Ward Number 4 5 And 6 Of Adhwari Village Will Bring Outrageous Slogans
अधवारी गांव के वार्ड संख्या 4, 5 और 6 में सड़क नहीं, आक्रोशित लाेगाें ने जमकर की नारेबाजी
बेनीपट्टी प्रखंड की सलहा पंचायत और हरलाखी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अधवारी गांव के वार्ड संख्या 4, 5 और 6 में सड़कों की स्थिति बद से बदतर और खास्ताहाल रहने के कारण ग्रामीणों को यातायात में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
तकरीबन 1500 मतदाता और 5000 की आबादी वाले अधबारी गांव के उक्त तीनों वार्डों में सड़कों की बदहाली दूर करने के लिए न तो जनप्रतिनिधि अपना कदम आगे बढ़ा रहे हैं और न ही स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा इसकी सुध ली जा रही है। जबकि सड़कों खासकर ग्रामीण सड़कों के निर्माण केलिए आज सरकारी स्तर पर ग्रामीण कार्य विभाग, पंचायत स्तरीय विभिन्न आयोग, मनरेगा विभाग और मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना से फंड उपलब्ध है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान सलहा पंचायत की पूर्व मुखिया राजकुमारी देवी, समाजसेवी शिवन यादव, शिवधारी यादव, जगदीश यादव, राम ठाकुर, भोगेंद्र यादव, सुरेश यादव, दिलखुश राय, रामचंद्र यादव, महेंद्र यादव, भोगेंद्र दास, अघोरी दास, रामटहल यादव, सुरेश यादव आदि ग्रामीण बताते हैं कि अधबारी गांव की मुख्य समस्या सड़क है। पूर्व विधायक शालीग्राम यादव, पूर्व विधायक रामाशीष यादव एवं पंचायत स्तरीय फंड से पूर्व के वर्षों में जो सड़कें बनी उसी पर अब तक काम चल रहा है।
वर्षों पूर्व बनी सड़कें अब अतिजर्जरता के आगोश में समाकर यातायात के लायक नहीं रह गई है। बावजूद इसके जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक स्तर पर अतिजर्जर सड़कों के निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। बारिश के पानी के हल्की फूहाड़ में ही उक्त तीनों वार्डों की अतिजर्जर सड़कों पर कीचड़ और पानी का साम्राज्य कायम हो जाता है।
आगामी विधानसभा चुनाव में बनेगा मुद्दा
अधबारी के ग्रामीण एक स्वर से बताते हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में यहां की अतिजर्जर व खास्ताहाल सड़कें मुद्दा बनकर उभरेगी| रोड नहीं तो वोट नहीं का खुलेआम ऐलान किया जाएगा। यदि आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व अधबारी गांव की अतिजर्जर व खास्ताहाल सड़कों का निर्माण नहीं हुआ तो ग्रामीण वोट मांगने आने वाले नेताओं को गांव में टपने नहीं देंगे। वोट मांगने आने वाले नेताओं से ग्रामीण पहले सड़क फिर वोट देने की निःसंकोच बात करेंगे। सड़क के मुद्दे पर यहां के संपूर्ण ग्रामीण समझौता नहीं करेंगे।
अधवारी गांव मंे नारेबाजी करते ग्रामीण।