सकरी थाना ने 107 कार्टन विदेशी शराब जब्त की
भारी मात्रा में शराब की खेप पकड़ने में सकरी थाना की पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। इस संबंध में सकरी थाना में एसआई के पद पर पदस्थापित अमर नाथ ठाकुर के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। संध्या गश्त के क्रम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार को सूचना मिली की नरपतिनगर पंचायत के सीमा हाटी में कुछ लोगों ने समूह बनाकर भारी मात्रा में विदेशी शराब मंगवाई है। सूचना मिलते ही एसआई अमरनाथ ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस बल वहां पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां बैठे कुछ लोग भागने लगे, जिसका सशस्त्र बलों ने पीछा भी किया लेकिन अंधेरे का लाभ उठा सभी लोग भागने में सफल रहे। इस दौरान पुलिस ने हाटी गांव निवासी शिव शंकर यादव के बेटे पंकज यादव के गोशाला की तलाशी ली। तलाशी में उस घर से विदेशी शराब की 107 कार्टन बरामद किया गया। इस संबंध में हाटी गांव निवासी नरपतिनगर पंचायत समिति सदस्य महेन्द्र यादव, रामनाथ चौपाल, अमर साह व संजीत यादव सहित लगभग आधा दर्जन शराब के धंधे में संलीप्त लोगों पर प्राथमिकि दर्ज की गई है। सकरी थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि शराब के अवैध धंधे में संलीप्त सभी नामजदों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।