शिक्षक अब नुक्कड़ नाटक के माध्यम से करेंगे विरोध
लदनियां| सरकार से अपनी मांग के समर्थन में शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति के आह्वान पर हड़ताल पर गए लदनियां के शिक्षकों ने अब प्रखंड के सभी पंचायतों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विरोध करने का निर्णय लिया है। उक्त निर्णय शुक्रवार को आयोजित धरना दिवस में उपस्थित आंदोलनकारी शिक्षकों ने चट्टानी एकता कायम रखते हुए नुक्कड़ नाटक करने का निर्णय लिया। कार्यक्रम करने को लेकर सभी पंचायतों के लिए अलग-अलग तिथि निर्धारित की गई है। वहीं समिति का भी गठन किया गया है। जिनके देख रेख में नुक्कड़ नाटक का कार्यक्रम सफल करना है। हड़ताल के 26वां दिन धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता संघीय अध्यक्ष सुनील कुमार पासवान, लालविहारी प्रसाद वर्मा व अमलेश कुमार रंजन ने किया। धरना स्थल पर बैठे सैकड़ों शिक्षकों ने अपनी आवाज बुलंद करते हुए कहा कि सरकार हम सभी के साथ वर्षों पूर्व से सौतेलापन व्यवहार करती आ रही है। जिस कारण हम सभी अपनी मांग के समर्थन में हड़ताल पर डटे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार हम सभी की मांग पूरी नही करती तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।