अस्पताल के मुख्य गेट पर कचरे का ढेर, आक्रोश
फुलपरास| कोरोना वायरस से दुनिया के कई देश परेशान हैं, वहीं इससे घोघरडीहा प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेखबर है। प्रखंड स्तरीय अस्पताल में प्रसव कराने वाले कमरे के मुख्य गेट पर ही दुर्गंध भरी कूड़े का ढ़ेर से संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका से प्रसूता महिला व स्वास्थ्य कर्मी परेशान है। कभी कभी गंदगी व असुविधा के चलते प्रसव कराने महिलाएं भाग खड़ी होती है। ड्यूटी में लगे एएनएम नीलम कुमारी बताती है कि इस संबंध में अधिकारी को अवगत भी कराया, लेकिन आये दिन साफ सफाई का अभाव बना रहता है। डॉ. सुधीर कुमार ने कहा कि साफ सफाई का अभाव और गंदगी से ही संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा रहता है। ऐसे में नवजात बच्चों व गर्भवती महिलाओं में और भी आशंका बढ़ जाती है। जब इस बारे में स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कपिलेश्वर साहू से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि साफ सफाई को लेकर विशेष ध्यान दिया जाता है। साफ सफाई का अभाव पाया गया तो साफ सफाई करने वाली एजेंसी पर कार्रवाई को लेकर उच्चाधिकारी को भेजा जाएगा।