- Hindi News
- National
- Motihari News Abvp Is Carrying Out Public Awareness Campaign In The Society Regarding Citizenship Amendment Act Srinivas
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर समाज में जनजागरण अभियान चलाने का काम कर रही है अभाविप : श्रीनिवास
शहर के राधा सिकारिया बीएड कॉलेज में शुक्रवार को वर्तमान परिवेश में युवाओं की भूमिका विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गयी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से आयोजित इस संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि अभाविप के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्रीनिवास मौजूद थे। कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्रीनिवास जी, बिहार प्रांत संगठन मंत्री लक्ष्मी रानी, नगर अध्यक्ष अमित कश्यप, राधा सिकारिया बीएड कॉलेज के चेयरमैन शंभुनाथ सिकारिया व संगठन मंत्री दीपक मिश्रा ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। अभाविप के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्रीनिवास जी ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद देश भर में नागरिकता संशोधन कानून की विभिन्न पहलुओं को लेकर के समाज में जागरण का अभियान चला रही है। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर समाज में जिस प्रकार से कुछ शरारती तत्वों द्वारा भ्रांतियां फैलायी जा रही हैं, उन भ्रांतियों को दूर करने के लिए विद्यार्थी परिषद कैंपस में जाकर व सार्वजनिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों से संवाद कर रही है।
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हो रहा मिथ्या प्रचार : लक्ष्मी रानी
बिहार प्रदेश मंत्री लक्ष्मी रानी ने संवाद कार्यक्रम के माध्यम से जम्मू कश्मीर से 370 हटाने, राम मंदिर को लेकर उच्चतम न्यायालय के ऐतिहासिक निर्णय, तीन तलाक कानून और नागरिकता संशोधन कानून, राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर आदि विषयों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के माध्यम से वर्तमान में भारत में रह रहे किसी भी नागरिक की नागरिकता नहीं छीनी जाएगी। खासतौर पर मुसलमानों के बीच जिस प्रकार भ्रम पैदा किया जा रहा है, वह एक षड्यंत्र है। अपने वोट बैंक की लालच में और सत्ता में आने के लिए आतुर राजनीतिक दल और नेता लोग घृणित प्रयास कर रहे हैं और नागरिकता संशोधन कानून के बारे में गलत मिथ्या प्रचार कर रहे हैं। देश भर में 900 विश्वविद्यालय हैं। लेकिन, केवल जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, जामिया मिलिया, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, जाधवपुर विश्वविद्यालय जैसे चार विश्वविद्यालयों के मुट्ठी भर छात्र प्रायोजित मीडिया के माध्यमों का दुरुपयोग करते हुए तिरंगा लेकर देश तोड़ने की बात करते हैं। यह अपने आप में हास्यास्पद है। मौके पर नीरज कुमार, अखिलेश्वर मिश्र, दिव्यांशु मिश्रा, प्रियेश गौतम, राजन सिंह, श्वेता सिंह, अभिषेक आर्यन, उजाला कुमार, आनंद प्रताप, ऋषभ राज, निखिल ठाकरे, रजनीश सिंह, लड्डू सिंह, रवि सिंह, अजीत गौतम, आनंद दुबे, प्रिया शर्मा, रिशिका सिंह, प्रियसी झा आदि उपस्थित थे।
बीएड कॉलेज में कार्यशाला में उपस्थित अतिथि व अन्य।