15 मार्च को होगा भवानीपुर महोत्सव का आयोजन
प्रखंड के भवानीपुर पंचायत में आगामी 15 मार्च को भवानीपुर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसमे मुख्य अतिथि बिहार सरकार के कला संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार होंगे। जबकि उद्घाटन सांसद राधामोहन सिंह होंगे। जानकारी देते हुए भवानीपुर आयोजन समिति के सचिव आशीष कुमार जायसवाल ने कहा कि प्रखंड का यह पंचायत अपने ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के लिए महत्वपूर्ण रहा है। इस पंचायत की मिट्टी में जन्मे अंसख्य सपूतों ने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर समाज व राष्ट्र के निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाई है। लेकिन धीरे-धीरे यह ऐतिहासिक पहचान अब लुप्त होने के कगार पर पहुंच चुका है। समारोह के माध्यम से लोगों इसके इतिहास को पुनः स्मरण कराया जाएगा। चंपारण में सत्याग्रह के पहले से ही यहां के लोगों द्वारा जिला मुख्यालय में असंख्य जनहित का काम कराया जाता रहा है। इनमें भवानीपुर के लोगों के द्वारा बड़ी मस्जिद मुख्य सड़क का निर्माण, गोपालसाह मध्य विद्यालय, मंगल सेमिनरी, हीरालाल साह मध्य विद्यालय, गौरीशंकर मध्य विद्यालय, महावीर ललिता मध्य विद्यालय, स्पोर्ट्स क्लब, काशी साह विवाह भवन, स्टेशन रोड पोखरा, शहीद स्मारक हनुमान गढ़ी मंदिर जैसे सैकड़ों महत्वपूर्ण कार्य कराया गया है।
आयोजन में पहुंचेंगे कई नामचीन कलाकर
आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी नीलेश द्विवेदी ने कहा कि कार्यक्रम की शुरुआत रविवार को दिन के ग्यारह बजे भवानीपुर हनुमान उच्च माध्यमिक+2 विद्यालय के प्रांगण में किया जाएगा। कार्यक्रम शाम के पांच बजे तक संचालित किया जाएगा।
सामाजिक क्षेत्र में अच्छा करनेवाले होंगे सम्मानित
महोत्सव समिति के अध्यक्ष पंकज कुमार द्विवेदी ने बताया कि समारोह में पंचायत के वैसे लोग जो शिक्षा, स्वास्थ्य, जनसेवा सहित अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिए हैं उनको मंच पर सम्मानित कर लोगों में प्रेरणा का संचार किया जाएगा। अध्यक्ष पंकज ने कहा कि गांव के ही कई लोग ऐसे हैं जिन्होंने पशुपालन व कृषि को आधुनिक तरीके से कर सफलता अर्जित की।