चर्चा को स्थगित करने की पार्षद ने की मांग
कोरोना वायरस के मद्देनजर 16 मार्च को नगर परिषद के सभाकक्ष में आयोजित अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा को तत्काल स्थगित करने की वरीय नगर पार्षद सह जदयू के जिला उपाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार सिंह ने मांग की है। उन्होंने इसे तत्काल स्थगित करने के लिए डीएम, डीडीसी, एडीएम, सदर एसडीओ, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी व प्रदेश निर्वाची पदाधिकारी को आवेदन सौंपा है तथा 16 मार्च को आयोजित बैठक को परिस्थिति देखते हुए स्थगित करने की गुहार लगाई है। नगर पार्षद श्री सिंह ने अपने आवेदन के माध्यम से कहा है कि कोरोना वायरस के संक्रमण को देखकर इसकी रोकथाम के लिए जिले के सभी स्कूल, कॉलेज, सिनेमा हॉल, सभागार आदि को बंद करने का आदेश दिया गया है। अतः 16 मार्च को नप के सभाकक्ष में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए आयोजित विशेष बैठक को भी स्थगित करने की मांग की है।