- Hindi News
- National
- Motihari News Expressing Displeasure Over The Withholding Of February Salary Demonstrated
फरवरी का वेतन रोके जाने पर जताई नाराजगी, किया प्रदर्शन
बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले जिले के माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की हड़ताल व तालाबंदी शनिवार को 19वें दिन भी जारी रही। शिक्षकों ने कचहरी चौक के समीप अंबेडकर भवन के पास धरना दिया व अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाया। धरना सभा की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष सीताराम प्रसाद यादव ने की। उन्होंने कहा कि जब तक हमारी मांगें नहीं मान ली जाती है, तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। जिला सचिव नवल किशोर सिंह ने कहा कि हम सरकार की दमनकारी नीतियों से डरनेवाले नहीं हैं। हमारी लड़ाई उचित व शिक्षा को बचाने के लिए है। इसलिए हम मांगें पूरी होने तक उचित तरीके से लड़ते रहेंगे। राज्य कार्यकारिणी सदस्य हरिश्चंद्र चौधरी ने कहा कि हमारा इतिहास रहा है लड़ने की व जीतने की। इस बार भी हमारी जीत सुनिश्चित है। संयुक्त सचिव नवल किशोर पासवान ने कहा कि जो सरकार शिक्षा व शिक्षकों पर ध्यान नहीं देती है, उसका विकास नहीं हो पाता है। इसके पश्चात संघ के पदाधिकारियों का शिष्टमंडल जिलाध्यक्ष व जिला सचिव के नेतृत्व में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना मिथिलेश कुमार सिंह से उनके कार्यालय कक्ष में मिला। इस दौरान फरवरी महीने के वेतन भुगतान के लिए स्मारपत्र सौंपा गया। शिष्टमंडल में कोषाध्यक्ष लोकश कुमार पांडेय, मूल्यांकन सचिव बुन्नीलाल ठाकुर, संयुक्त सचिव विमल प्रकाश आर्य व डॉ रणजीत शामिल थे।
स्मार-पत्र सौंपते बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी।