फसलों पर फाल आर्मी वर्म कीट की आशंका को लेकर जिला कृषि पदाधिकारी ने जिले के सभी कृषि समन्वयक व किसान सलाहकारों को निर्देश जारी किया है। निर्देश में कहा गया है कि फाल आर्मी वर्म जैसे खतरनाक कीट से फसलों को बचाने के लिए किसानों को जागरूक करना जरूरी है।
इसके लिए कृषि कर्मी शिविर के माध्यम से किसानों,जनप्रतिनिधियों सहित अन्य लोगों को जागरूक करें। ताकि इस कीट का प्रकोप फसलों पर कम हो। इसको लेकर कृषि विभाग के कर्मी फसलों का निरीक्षण कर किसानों को इससे बचाव की सलाह दे रहे हैं। फॉल आर्मी वर्म कीट की पंसदीदा फसल मक्का है। अगर प्रकोप हुआ ताे पूरी मक्का की फसल चौपट हो सकती है। इस कीट के पतंगें हवा के बहाव के साथ एक रात में करीब 100 किलोमीटर तक प्रवास कर सकते हैं। इसकी प्रजनन क्षमता भी बहुत अधिक है। कीट झुंड में आकर कुछ ही समय में फसल को नष्ट कर सकता है। मादा अपने जीवन काल में करीब एक से दो हजार अंडे दे सकती है।
यह कीट झूंड में आक्रमण कर पूरी फसल को कुछ ही समय में नष्ट करने की क्षमता रखता है। फाल आर्मी वर्म का जीवन चक्र ग्रीष्मकाल में लगभग 30 दिनों का होता है। बसंत एवं शरद ऋतु में जीवन काल 60 दिनों का हो जाता है तथा शीतकाल में बढ़कर 80-90 दिनों का होता है। मौसम के अनुसार इस कीट की कई पीढ़ियां होती है। वयस्क मादा अपने जीवनकाल में 1500 से 2000 तक अंडे देती है।