आदापुर क्षेत्र से विभिन्न मामलों में नौ गिरफ्तार
पूर्वी बरवा के ब्रह्मदेव राय, ठगा राय व वारंटी विवेक कुमार भी धराया
प्रखंड अन्तर्गत विभिन्न थानों की पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छापामारी कर दो देशी कट्टा,17 कारतूस व 200 बोतल नेपाली शराब के अलावा दो बाइक व वारंटी सहित 9 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दरपा थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि भतनहिया गांव में सोमवार को छापामारी कर विगलाल साह को दो देशी कट्टा तथा 17 गोली के साथ एवं सिसवनिया गांव से लावारिस हालत में 20 लीटर शराब व बाइक बरामद किया गया है। वहीं आदापुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि भवनपुर गांव के किनारे स्थित बंसवारी से एक नेपाली बाइक बरामद की गई। साथ ही गम्हरिया खुर्द गांव से आरोपी नीरज पटेल को गिरफ्तार किया गया है। इधर नकरदेई पुलिस ने 200 बोतल नेपाली शराब के साथ गम्हरिया कला निवासी विशाल कुमार, विक्की कुमार, रूपेश कुमार व भूषण कुमार को गिरफ्तार किया है।वहीं महुआवां थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि लखौरा थाना क्षेत्र के पूर्वी बरवा से ब्रह्मदेव राय, ठगा राय व वारंटी विवेक कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।