7वीं आर्थिक गणना के लिए सभी बीडीओ से मांगा सहयोग
पूर्वी चंपारण में सरकार की ओर से होनेवाली सातवीं आर्थिक गणना सर्वे में दुकानदार, मुखिया व आमजन आंकड़ा नहीं दे रहे हैं तथा सर्वे करने से रोक रहे हैं। शहर के लगभग 22 से अधिक प्रसिद्ध दुकानों के दुकानदार भी आंकड़ा देने से इंकार कर रहे हैं। इससे सरकार की ओर से होनेवाली सर्वे प्रक्रिया बाधित हो रही है तथा सरकार की विकास प्रक्रिया चकनाचूर हो रही है। इसे मद्देनजर रखते हुए अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय अंतर्गत योजना एवं विकास विभाग के संयुक्त निदेशक वंशीधर मिश्र ने डीएम व जिला सांख्यिकी पदाधिकारी को पत्र लिखा है तथा सर्वे प्रक्रिया में हो रहे व्यवधान में संबंधित प्रखंडों के बीडीओ से सहयोग लेकर आर्थिक गणना पूरा कराने का निर्देश दिया है। कॉमन सर्विस सेंटर के सुपरवाइजर ओम वर्मा, सुनील कुमार व रवीन्द्र कुशवाहा ने लगभग एक माह पहले अपने सौंपे गए रिपोर्ट में धमकी मिलने की बात कहीं है तथा अनहोनी होने की आशंका जताई है।इस बाबत कनीय सांख्यिकी पदाधिकारी जगजीत कुमार ने बताया कि ज्यादातर व्यवसायी आर्थिक गणना नहीं करा रहे हैं तथा इसमें असहयोग भी कर रहे हैं। जबकि आर्थिक गणना 31 मार्च तक पूरा करने का विभागीय निर्देश है।