- Hindi News
- National
- Motihari News Sent Skmch From Sadar Hospital Without Investigating Corona39s Suspected Patient
सदर अस्पताल से कोरोना के संदिग्ध मरीज की जांच किए बिना एसकेएमसीएच भेजा
सदर अस्पताल में गुरुवार को कोरोना के संदिग्ध मरीज पहुंचने के बाद अस्पताल में अफरा तफरी मच गई। कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य महकमा अलर्ट है। जिले के सदर अस्पताल में कहने के लिए आइसोलेशन वार्ड में चार बेड की व्यवस्था है। इसके लिए डॉक्टर, नर्स आदि की प्रतिनियुक्ति भी की गई है। लेकिन, डर के कारण डॉक्टर मरीज को आइसोलेशन वार्ड में नहीं रख कर रेफर करना हीं उचित समझ रहे हैं। गुरुवार सुबह केसरिया थाना के मंझार निवासी बालेश्वर महतो सर्दी-खांसी की शिकायत पर ओपीडी आया था। ओपीडी में तैनात डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने मरीज को देखने के बाद उसे संदिग्ध मानते हुए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। इस संबंध में डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि मरीज एक मार्च को नाइजीरिया से आया था। स्थिति संदिग्ध होने के कारण जांच को एसकेएमसीएच भेज दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग कटघरे में
केसरिया के मंझार का रहने वाला बालेश्वर महतो एक मार्च को नाइजीरिया से आया था। वहां से आने के बाद हवाई अड्डा पर ही उसकी स्क्रीनिंग होनी थी। स्क्रीनिंग के बाद 14 दिनों तक उस पर निगरानी में रखा जाना था। लेकिन, वह बिना जांच के ही एयरपोर्ट से घर तक आ गया। एयरपोर्ट किसी ने उसकी स्क्रिनिंग नहीं की। सर्दी, जुकाव, गले में दर्द तथा बुखार होने पर उसे स्वयं कोरोना का संदेह हुआ। जिसके बाद वह सदर अस्पताल इलाज के लिए पहुंचा।
जिले में अभी तक कोरोना वायरस के तीन संदिग्ध मिले
जिले में कोरोना वायरस के तीन संदिग्ध मरीज पाए गए हैं। जिनमें दो संग्रामपुर प्रखंड व एक केसरिया प्रखंड का है। सदर अस्पताल से जिन मरीजों को भेजा गया उन्हें कोरोना था या नहीं इसकी कोई रिपोर्ट सदर अस्पताल को नहीं आई है। आज के पहले आए दो मरीज को बेतिया मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया था, जबकि आज आए मरीज को एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया।
कोई भी व्यक्ति संदिग्ध होने से मरीज नहीं हो सकता। मरीज की पहले जांच कराई जाती है। अफवाह पर ध्यान नहीं दें। सर्दी- खांसी से कोई कोरोना संक्रमित नहीं हो सकता। -डॉ. रिजवान अहमद, सीएस, पूर्वी चंपारण।
सर्दी, जुकाम, बुखार और गले में दर्द हुई तो जांच कराने खुद पहंचे
संदिग्ध ने बताया- एयरपोर्ट पर नहीं हुई थी स्क्रीनिंग, न रखी गई निगरानी
डॉ. सुरेश कुमार सिंह बोले-मरीज 1 मार्च को नाइजीरिया से आया था
सदर अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में खाली पड़े बेड।