ट्रेन से गिर कर किशोर घायल, मुजफ्फरपुर रेफर
मेहसी थाना क्षेत्र के रामपुर शंकर रेलवे गुमटी के समीप ट्रेन से गिरने से 14 वर्षीय किशोर गंभीर रुप से जख्मी हो गया। जिसकी पहचान मुजफ्फरपुर जिला के बरुराज थाना क्षेत्र स्थित ससना महमदा गांव निवासी महंत राय के पुत्र गुड्डू कुमार के रुप में हुई है। घटना गुरुवार के लगभग 10 बजे की है। जानकारी के अनुसार किशोर ट्रेन में खाने-पीने का समान बेचता था। रामपुर शंकर गुमटी के पास चलती ट्रेन से उतरने के दौरान वह रेलवे लाइन के समीप गिर गया। जिससे वह गंभीर रुप से जख्मी हो गया। उसके सर और पैर में गंभीर चोटें आई है। स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे मेहसी पीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर स्थिति में मुजफ्फरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।