बंदियों को स्वावलंबी बनाने की कवायद शुरू
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत सूबे के तीन जेलों का चयन किया गया है। इसमे बेउर, भागलपुर, मोतिहारी सेंट्रल जेल शामिल है। इसके तहत जेल में बंद बंदियों को विभिन्न तरीके का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमे मोतिहारी केंद्रीय कारा में बंद सजावार बंदियों को स्वावलंबी बनाने की कवायद शुरू कर दी गई है। मोतिहारी सेंट्रल जेल में बंद 80 बंदियों का चयन किया गया है जिन्हें प्रधानमंत्री कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षित किया जाएगा। इसको लेकर पीइटीसीआई नामक भारत सरकार की एनजीओ काम कर रही है। शनिवार को एनजीओ के सचिव अरचित आनंद व डायरेक्टर नरेंद्र देव ने कारा में चल रहे कार्य का निरीक्षण किया। सेंट्रल जेल में बागवानी, फुलवारी, पौधरोपण, कीटनाशक का छीड़काव, पौधों का रखरखाव आदि का प्रशिक्षण आगामी छह माह तक केंद्रीय कारा में दिया जाएगा। इसको लेकर आगामी एक पखवाड़े के भीतर मोतिहारी सेंट्रल जेल में बंदियों का क्लास शुरू हो जाएगा। बंदियों को क्लासरुम में आने-जाने को भी काफी हाईटेक तरीके से जांच किया जाएगा। बंदियों की उपस्थिति के लिए बायोमेट्रिक सिस्टम भी लगाया गया है। जेल अधीक्षक विधु कुमार ने बताया कि सरकार ने अच्छी पहल शुरू की है।