बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की है जरूरत : तपन
20वीं वाहिनी एसएसबी सीतामढ़ी के तत्वावधान में रविवार को प्रखंड के कवैया हाईस्कूल परिसर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शक्ति पर्व मनाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन 20वीं वाहिनी एसएसबी सीतामढ़ी के कमांडेंट तपन कुमार दास व मुख्य अतिथि डॉ निषाद निहजबी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट श्री दास ने कहा कि आज का दिन महिलाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने का दिन है।महिलाएं ही अपने त्याग, समर्पण और परिश्रम से हमारे जीवन में रंग भरती हैं।उन्होंने महिलाओं को समानता का दर्जा और बालिका शिक्षा को विशेष बढ़ावा दिए जाने की आवश्यकता पर खास जोर दिया।वही उन्होंने चिंता जताते कहा कि देशभर में कन्या भ्रूण हत्या, लिंग परीक्षण और महिलाओं की समाजिक एवं शैक्षणिक असमानता के कारण बालिकाओं के अनुपात बालको की तुलना मे घट रहा है।आज बेटियां किसी से कम नहीं हैं। उनका भी अधिकार है कि उन्हें भी समान हक मिले।सरकार और प्रशासन की ओर से लगातार-बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, को लेकर लोगों को जागरुक करने का काम किया जा रहा है।