- Hindi News
- National
- Bariarpur News Approach Path Shed Inquiry Center Toilet Facilities Inadequate
एप्रोच पथ, शेड, पूछताछ केंद्र, शौचालय की सुविधा अपर्याप्त
भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर अवस्थित बरियारपुर स्टेशन से रेलवे को प्रतिमाह 50 लाख रुपए के राजस्व की प्राप्ति होती है। बावजूद स्टेशन पर यात्री सुविधा का घोर अभाव है। स्टेशन पर ना ही पर्याप्त मात्रा में यात्री शेड है और ना ही पूछताछ केंद्र। स्टेशन पहुंचने हेतु यात्रियों के लिए एप्रोच पथ भी नहीं है। स्टेशन पहुंचने वाले सुलभ रास्ते पर रेल विभाग के द्वारा लोहा का पिलर गाड़ कर रास्ता बंद कर दिया गया है। रेल विभाग के द्वारा स्टेशन पर यात्री सुविधा उपलब्ध नहीं कराए जाने से यात्रियों में रोष है।
बरियारपुर स्टेशन तक पहुंचने के लिए रेलवे के द्वारा सुलभ एप्रोच पथ उपलब्ध नहीं कराया गया है। स्टेशन तक पहुंचने वाले रास्ते को रेलवे प्रशासन द्वारा सुरक्षा के दृष्टिकोण से लोहे का पिलर गाड़ कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया है। आलम यह है कि यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने के लिए किसी भी ओर से सुलभ रास्ता नहीं है। ऐसी स्थिति में वृद्ध और महिलाएं लोहे का पिलर पार कर स्टेशन जाने में कई बार दुर्घटना का शिकार हो चुकी है।
बरियारपुर स्टेशन पर प्लेटफार्म संख्या एक, दो और तीन पर पर्याप्त यात्री शेड नहीं है। ऐसी स्थिति में यात्रियों को तेज धूप व बारिश में खुले आसमान के नीचे रह कर ट्रेन का इंतजार करना मजबूरी रहती है। तेज धूप में लोग आसपास के दुकान या पेड़ की छांव में शरण लेते हैं, परंतु मूसलाधार बारिश में भींगने के अलावा कोई उपाय नहीं बचता है।
बरियारपुर स्टेशन पर यात्रियों के उपस्थिति के अनुसार पर्याप्त मात्रा में शौचालय उपलब्ध नहीं है। ऐसी स्थिति में महिलाओं को खासकर काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। हालांकि जिन महिलाओं को स्टेशन पर मौजूद एकमात्र शौचालय के बारे में जानकारी होती है वह शौचालय का उपयोग तो कर लेती हैं, लेकिन अधिकांश महिलाओं को शौचालय की जानकारी नहीं रहती। सही जानकारी के लिए प्लेटफार्म पर पूछताछ केंद्र तक नहीं है।
यात्रियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
रेलवे स्टेशन पर पर्याप्त यात्री सुविधा नहीं मिल पाने के कारण बरियारपुर स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों में रेल प्रशासन के प्रति आक्रोश है। यात्री नरेंद्र प्रसाद साह, राजू शाह, बिंदेश्वरी प्रसाद वर्मा, राखी देवी, पूनम देवी आदि ने बताया कि बरियारपुर स्टेशन के यात्रियों के साथ रेलवे प्रशासन सौतेलापन का व्यवहार कर रही है। रेल प्रशासन सभी यात्री सुविधा अविलंब उपलब्ध नहीं कराती है तो हम यात्री आंदोलन के लिए विवश होंगे।
बरियारपुर स्टेशन पर एक मात्र यात्री शेड।