दबंगों ने रेलकर्मी के साथ मारपीट कर किया जख्मी
जमालपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर काली स्थान के समीप का मामला
छोटी दौलतपुर काली स्थान के समीप दबंगों ने रेलकर्मी कुंदन मंडल को मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। जख्मी कुंदन ने बताया कि आस-पास के इलाके के आधा दर्जन से ऊपर दबंगों द्वारा मुझे एवं मेरे परिवार के साथ हथियार के बल पर बेवजह पिटाई की गई। पिटाई के बाद जख्मी अवस्था में जब इसकी सूचना लिखित एवं मौखिक रूप से आदर्श थाना में दिए तो घटनास्थल पर पुलिस नहीं पहुंची। दबंगों ने पुनः हम लोगों को जान से मारने की धमकी भी दे डाली। घटना के दूसरे दिन भी जब पुलिस आवेदन देने के बावजूद नहीं पहुंची, तो आधा दर्जन के करीब अपराधी हथियार के साथ पुनः हमारे घर पर समझौता करने के लिए दवाब बनाने आ गए। रेलकर्मी एवं इनके परिवार सहित आसपास के लोगों में इस घटना के बारे में चर्चा आम है कि पुलिस दबंगों का कुछ नहीं बिगाड़ सकती है। इधर घटना की जानकारी जब आदर्श थानाध्यक्ष रंजन कुमार को हुई तो पीड़ित रेलकर्मी के बयान पर 5 लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराकर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।