- Hindi News
- National
- Asarganj News Due To Apathy Of Phed And Sensor Tap Water Work Is Incomplete
पीएचईडी व संवेदक की उदासीनता से नल जल कार्य अधूरा
असरगंज | गर्मी के दस्तक देने एवं जल स्तर नीचे गिरने के कारण असरगंज पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों को पेयजल संकट का भय सताने लगा है। स्थानीय ग्रामीणों ने बीडीओ काे आवेदन देकर यथाशीघ्र पेयजलापूर्ति का कार्य पूर्ण कराने की मांग की है। बता दें कि लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के पदाधिकारियों की निष्क्रियता एवं संवेदक की उदासीनता के कारण विगत एक वर्ष पूर्व टेंडर होने के बाद भी नल जल योजना का कार्य पूरा नहीं हो सका है। विभाग द्वारा सात निश्चय योजना के तहत मात्र खानापूर्ति के लिए पेयजलापूर्ति का प्लांट गिराकर छोड़ दिया गया है। इसके अलावा लखनपुर स्थित पानी टंकी की मरम्मत का कार्य भी विभाग द्वारा आरंभ नहीं किया गया है।
जबकि टंकी की मरम्मत के लिए कई माह पूर्व ही टंकी से सटा कर बांस का मचान खड़ा कर दिया गया है। बता दें कि एक वर्ष पूर्व पेयजल समस्या को लेकर मुखिया प्रोफेसर दिलीप कुमार रंजन ने आमरण अनशन किया था। अनशन तुड़वाने पहुंचे पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार ने पुरानी पानी टंकी की मरम्मत तथा छूटे हुए घरों में पेयजल का कनेक्शन करने का आश्वासन दिया था। किंतु एक साल बाद भी अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट का भय सताने लगा है। मामले में राजेंद्र प्रसाद, विनोद कुमार, आनंदी प्रसाद साह, मुकुल देव साह, महेश पोद्दार , योगेंद्र पासवान, शशि शेखर कुमार, कैलाश साह, नवल ठाकुर, अर्जुन प्रसाद साह सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रखंड कार्यालय में आवेदन देकर 31 मार्च तक जलापूर्ति कार्य में तेजी लाने की मांग की है।