- Hindi News
- National
- Jamalpur News Healthy Person Does Not Need A Mask Do Not Get Discouraged Keep An Eye On Suspects Keep Cleanliness Dm
स्वस्थ व्यक्ति को मास्क की जरूरत नहीं, हतोत्साहित नहीं हों, संदिग्धों पर रखें नजर, रखें साफ-सफाई: डीएम
चार सदस्यीय मेडिकल टीम करेगी नियमित जांच
जिले में कोरोना के संदिग्ध मरीज मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। ग्रामीणों में भी कोरोना को लेकर भय का माहौल देखा जा रहा है। सरकारी दावों के अनुसार कोरोना की रोकथाम के लिए सदर अस्पताल सहित सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जरूरतमंद सामग्री उपलब्ध करा दी गई है। दूसरी ओर डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे के निर्देशानुसार चौकीदार अब प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायत में घर-घर जाकर ग्रामीणों के बीच कोरोना वायरस से बचाव एवं किस तरह सुरक्षा की
जानकारी देंगे।
एसपी लिपि सिंह ने बताया कि कोरोना को लेकर पुलिस कर्मियों को भी सुरक्षा को लेकर अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनकर पुलिसकर्मी जाएंगे। एसपी ने बताया कि ग्रामीण इलाके में चौकीदार के द्वारा कोरोनावायरस को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए चौकीदारों को प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वह भी घर-घर जाकर ग्रामीणों को कोरोना वायरस से सुरक्षित रहने के लिए बचाव की जानकारी देंगे।
मेटल पर 12 जबकि कपड़े पर 9 घंटे तक जीवित रहता है कोरोना का जीवाणु, मास्क से बचाव संभव
भास्कर न्यूज| मुंगेर
कोरोना को भारत सरकार आपदा घोषित कर चुकी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी वैश्विक महामारी घोषित कर दिया है। इसको ध्यान में रखते हुए यूनिसेफ ने एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में बताया गया है कि कोराेना वायरस अन्य वायरस की अपेक्षा साइज में अधिक बड़ा होता है तथा इस कारण किसी भी प्रकार के मास्क के प्रयोग से इसके श्वांसनली में प्रवेश को रोका जा सकता है। यह वायरस हवा के माध्यम से नहीं फैलता है।
यदि यह किसी मेटल की सतह पर गिरता है तो यह 12 घंटे तक जीवित रह सकता है। इसलिए लोग अपने हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोएं। यदि यह किसी धागे पर गिरता है तो यह 9 घंटे तक जीवित रह सकता है। इसलिए कपड़े को धोने के बाद इसे कम से कम दो घंटे तक सूर्य की रोशनी में सूखने दें।
यह हाथ पर गिरने के बाद 10 मिनट तक जीवित रहता है। इसलिए इसकी रोकथाम हेतु अपनी जेब में सेनेटाइजर रखें। वायरस 26-27 डिग्री सेल्सियस तापमान पर मर जाता है। इसलिए गर्म पानी पीएं एवं ठंडे पेय अथवा आइसक्रीम आदि खाने से बचें। गर्म पानी में नमक डालकर उससे गुलगला करें ताकि माउथ में मौजूद वाइरस मर
जाएं तथा वह फेफड़े तक नहीं
पहुंच सके।
कोरोना के लिए जागरुकता अभियान चलाने का निर्देश
जमालपुर | जिले में कोरोना वायरस का संदिग्ध मरीज पाए जाने के बाद शनिवार बीडीओ राजीव कुमार ने प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आम लोगों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करने हेतु जागरुकता अभियान चलाने काे लेकर विचार विमर्श किया। बीडीओ ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए सभी स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्रों को तत्काल प्रभाव से 31 मार्च तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने बताया कि किसी भी धार्मिक आयोजनों में भीड़ एकत्रित न होने दें। आम जन के बीच कोरोना को लेकर भय का माहौल न फैलने दें और आम लोगों को इसके प्रति जागरूक करें। जिसमें मास्क लगाकर बाहर निकलने, हर आधा घंटा पर हाथ की साबुन से सफाई, खांसते या छींकते समय नाक पर रूमाल रखने, संभावित संक्रमित मरीज से 3 से 4 फीट दूरी बनाए रखने के लिए अाम लोगों को जागरूक करें। मौके पर बीडीओ राजीव कुमार के अलावा सीओ शंभू मंडल, बीईओ कमलेश कुमार, मृत्युंजय राम, मुकेश कुमार आदि प्रखंड कर्मी शामिल थे।
मास्क और सेनेटाइजर की कमी का दवा दुकानदार नहीं उठाएं गलत लाभ
कोरोना के डर से जिले में मास्क व सेनेटाइजर की डिमांड बढ़ गई है। कई जगहों से ऊंची कीमत पर इसे बेचे जाने की सूचना भी मिली है। इस सूचना पर जिला केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने दवा दुकानदारों से अपील की है कि महामारी के समय में अनुचित लाभ नहीं उठाए। एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरनाथ प्रसाद ललन एवं सचिव अभिषेक बॉबी ने कहा कि भारत सरकार कोरोना वायरस की गंभीर स्थिति को देखते हुए जनता की मदद के लिए सभी संभव कदम उठा रही है। वहीं मास्क और सेनिटाइजर को भी आवश्यक वस्तु अधिनियम में शामिल किया गया है।
ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एवं बिहार केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन कोरोना वायरस से जनता को बचाने में मदद करने की पहल का पूर्ण समर्थन कर रही है। इसलिए आपको सलाह दी जाती है कि सतर्क रहें और ग्राहकों / रोगियों के संरक्षक के परिवार के सदस्य के रूप में कार्य करें। अपने आपूर्तिकर्ताओं के द्वारा मास्क / सेनेटाइजर की कमी के कारण अनुचित लाभ की अनुमति न दें। इसे ब्लैक मार्केटिंग माना जाएगा।
हवाई यात्रा कर लौटे लोगों की 14 दिन तक होगी जांच, हेल्पलाइन नंबर जारी
मुंगेर | कोरोना के बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से डाक्टरों के लिए एसओपी (स्टैण्डर्ड आपरेटिंग प्रोसिड्योर) जारी किया गया है। जिसमें कहा गया है कि विदेश खासकर हांगकांग, सिंगापुर, थाइलैंड, मलेशिया,जापान, रिपब्लिक आफ कोरिया, वियतनाम, इंडोनेशिया, नेपाल आदि देशों से हवाई यात्रा कर घर लौटने वाले सभी लोगों की 14 दिनों तक नियमित स्वास्थ्य जांच करते हुए आर्ब्जवेशन में रखें। इन 14 दिनों में यह सुनिश्चित कर लें कि वैसे लोगों को खांसी, बुखार, श्वांस लेने में तकलीफ नहीं हो। खासकर 60 वर्ष से ऊपर के वैसे व्यक्ति जो हाईपरटेंशन, डायबिटीज, और अस्थमा के मरीज हैं, उनकी नियमित जांच करते हुए लगातार अब्जर्वेशन में रखें। अगर वैसे लोगों में इस तरह का संक्रमण दिखाई देता है तो इसकी सूचना राज्य स्वास्थ्य समिति को देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बनाए गए हेल्पलाइन नंबर 011-23978046 पर दें, ताकि वैसे मरीज का कोविड-19 जांच कर समुचित उपचार कराया जा सके।
राज्य स्वास्थ्य समिति की ओर से विदेश यात्रा कर घर लौटे 10 लोगों की सूची भी जिला स्वास्थ्य समिति को उपलब्ध कराई गई है। जिसमें से अधिकांश शहरी इलाके में निवास करने वाले लोग शामिल हैं। जिसमें बड़ी बाजार, शादीपुर, जुबलीवेल, बेकापुर, इस्ट कालोनी जमालपुर, गायत्री नगर जमालपुर, कटैया धरहरा आदि शामिल है। इसके लिए 04 सदस्यीय मेडिकल टीम का बना है। टीम में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डा. अजय कुमार भारती, वैक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डा. प्रेमरंजन दूबे, डा. फैजउद्दीन के अलावा एक स्टाफ नर्स शामिल है। जो ऐसे लोगों की नियमित स्वास्थ्य जांच कर अॉबर्जेशन में रखेंगे तथा टेलीफोन से भी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी से अपडेट होते रहेंगे।
कोरोना के डर से मूल्यांकन कार्य स्थगित करने की मांग, शिक्षकों की हड़ताल जारी
मुंगेर | बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर समान काम के लिए समान वेतन सहित अन्य मांगों को लेकर विगत 25 फरवरी से शुरू हुअा शिक्षकों का धरना शनिवार काे भी जारी रहा। हालांकि बारिश के कारण शिक्षक शहीद स्मारक के बदले बड़ी बाजार स्थित माध्यमिक शिक्षक संघ भवन में धरने पर बैठे। धरने को संबोधित करते हुए जिला सचिव वकील राम ने कहा कि सरकार जहां कोरोना वायरस की वजह से कक्षा एक से अष्टम तक के मूल्यांकन कार्य को स्थगित किया गया है। वहीं इंटर एवं मैट्रिक के मूल्यांकन को स्थगित नहीं किया है। जबकि सभी मूल्यांकन कार्य सामूहिक रूप से किया जाता है। यह सरकार की दोहरी नीति को दर्शाता है।
दूसरी आेर इंटर के उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन की विस्तारित तिथि भी शनिवार को समाप्त हो रही है। यह सरकार की विफलता को दर्शाता है। वहीं दूसरी ओर अधिकारी सरकार के आदेश से परे मूल्यांकन निदेशक के द्वारा एमपीपी से मूल्यांकन करवा रहे हैं। यदि इसकी सही जांच की जाय तो एक बार फिर मेधा घोटाला सामने आएगा। धरने में विभाषचंद्र राय, ज्योति विनायक सावरकर, पंकज रंजन, कृष्ण मुरारी, रंजीत कुमार रंजन, प्रमोद कुमार पंकज, मिहिर रंजन, संतोष कुमार, कृष्णकांत सिंह, अनिल कुमार आदि शामिल हुए।
कोरोना से बचाव के लिए बरतें सावधानी
{कुछ-कुछ समयांतराल के बाद हाथ को साबुन से अच्छी तरह धोएं।
{नाक तथा मुंह को अच्छी तरह मास्क से ढ़कें।
{अनावश्यक चेहरे को छूने से बचें।
{अनावश्यक यात्रा से बचें तथा भीड़-भाड़ में न जाएं।
एसपी लिपि सिंह।
सभागार में दिया जाएगा धरना
दूसरी ओर माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष केदारनाथ पांडेय तथा महासचिव शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने कोरोना से बचाव के लिए इंटर एवं मैट्रिक का मूल्यांकन को स्थगित करने की मांग की। मूल्याकंन कार्य में लगे शिक्षकों से भी अपील किया कि वे लोग 31 मार्च तक मूल्यांकन से अलग रहें। इसके अलावा अनिश्चितकालीन हड़ताल को संघ के अगले निर्णय तक किसी सभा भवन अथवा सभागार में जारी रखने का निर्देश जारी किया है।
31 तक कर्मियों का अवकाश रद्द
इसके साथ ही जिले के सभी स्वास्थ्य कर्मियों का अवकाश 31 मार्च तक के लिए रद कर दिया गया है। चिकित्सा पदाधिकारी से लेकर चिकित्सक व नर्स के अलावा सभी पारा मेडिकल कर्मी, लैब तकनीशियन सहित सभी स्वास्थ्य कर्मियों का अवकाश रद्द किया गया है। दूसरी ओर सिविल सर्जन ने सभी पीएचसी प्रभारी को पत्र जारी करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भी काेरोना के संदिग्ध मरीजों रख-रखाव के लिए तैयारी रखने का निर्देश दिया गया है।
चौकीदार देंगे कोरोना से बचाव की जानकारी
पदाधिकारी के साथ बैठक करते एसडीओ और अन्य कर्मचारी।
तीन कैटेगरी में किया जाएगा इलाज
चिकित्सकों के लिए जारी एसओपी को तीन भाग में बांटते हुए इलाज करने का निर्देश जारी किया गया है। एसओपी के अनुसार प्रथम चरण में कैटेगरी ए हाई रिस्क को रखा गया है जिसमें वैसे लोग जो फीवर, खांसी और सांस लेने में तकलीफ से ग्रसित हों और उनका ट्रैवल हिस्ट्री हो तो कोविड-19 की संभावना को देखते हुए 14 दिन तक वैसे मरीज का ऑबर्जबेशन चिकित्सकों द्वारा किया जाना है। दूसरे चरण में कैटोगरी बी मोडरेट रिस्क को रखा गया है जिसमें वैसे लोग जो 60 वर्ष से अधिक के हों और चाइना, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक आफ कोरिया, फ्रांस, जर्मनी, स्पेन, इटली, ईरान आदि देशों से घर आए हों और हाईपरटेंशन, डायबिटीज, अस्थमा के पेसेंट हो, वैसे लोगों को 14 दिनों तक कोरेनटाइन करते हुए उनके सिमटम पर नजर रखना है। तीसरा चरण कैटेगरी सी लो रिस्क है, जिसमें वैसे लोग जो कोविड-19 प्रभावित देश की यात्रा से घर लौटे हैं, उनकी 14 दिनों तक नियमित स्वास्थ्य जांच की जानी है। अगर इन 14 दिनों में बुखार, कफ, श्वांस संबंधी परेशानी होती है तो तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 011-23978046 पर सूचित करते हुए वैसे मरीजों का सैंपल जांच कराने की बात कही गई है।
जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
इधर कोरोना वाइरस को लेकर जिला प्रशासन ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। जिसमें लोगों को बताया गया है कि यह फ्लू जैसी बीमारी फैलाता है। इसलिए दिनभर में 1-2 घंटे के अंतराल पर कम से कम 20 सेकेंड तक साबुन से हाथ धोएं तथा सेनेटाइजर का प्रयोग करें। खांसते अथवा छींकते समय रुमाल अथवा टीसू पेपर का इस्तेमाल करें। बेवजह चेहरे को मत छूएं तथा छूने के बाद अच्छी तरह से साबुन से धोएं। भीड़भाड़ वाले स्थान पर नहीं जाएं। यथासंभव गर्म पानी पीएं। नियमित कपड़े धोएं। कमरे को साफ एवं हवादार बनाएं। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। सार्वजनिक स्थान पर नहीं थूकें। हाथ मिलाने से परहेज करें। बाहर से आने वाले लोगों पर नजर बनाए रखें। नियमित रूप से मास्क का प्रयोग करें। स्वस्थ व्यक्ति के लिए मास्क की जरूरत नहीं है।
सीएस सहित सभी बीडीओ हुए शामिल
वीडियो कांफ्रेसिंग में जिला स्तर से सिविल सर्जन डा. पुरुषाेत्तम, डीपीएम नसीम रजी, पंचायत राज पदाधिकारी सियाराम सिंह, डीटीओ रामाशंकर सहित संग्रामपुर बीडीओ प्रेम प्रकाश, तारापुर बीडीओ श्याम कुमार, असरगंज बीडीओ अमित कुमार, जमालपुर बीडीओ राजीव कुमार सहित अन्य प्रखंडों के बीडीओ सहित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए।
कोरोना वायरस से बचाव की तैयारी को लेकर बैठक करते डीएम व अन्य अधिकारी।
भास्कर टीम| मुंगेर
समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में डीएम राजेश मीणा ने जिले के वरीय अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बीडीओ के साथ समीक्षा बैठक की। इसके माध्यम से उन्होंने सभी बीडीओ एवं पीएचसी प्रभारी से प्रखंड स्तर पर कोराेना वायरस से बचाव को लेकर की गई आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की एवं उन्हें अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया। तथा कहा कि वे सभी तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए आम जनमानस के बीच वृहत तौर पर प्रचार-प्रसार कराएं। इस बैठक में बीडीओ, सीओ, पीएचसी प्रभारी, सीडीपीओ, बीपीओ जीविका, बीएओ, सहित प्रखंड स्तर के अन्य अधिकारी शामिल हुए।
इस क्रम में डीएम ने सभी को निर्देश दिया कि कोरोना को लेकर ज्यादा हतोत्साहित होने की जरूरत नहीं है। इसके प्रति लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। लोग भीड़-भाड़ वाले जगह पर ना जाएं तथा अपने-आस पास के वातावरण को स्वच्छ रखें। जबकि बाहर से आए लोगों पर आशा
एवं एएनएम के लगातार नजर बनाए रखें।
यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध पाया जाता है तो उसकी सूचना तुरंत प्रखंड स्तरीय अधिकारी एवं नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र को दें। इसके साथ ही तुरंत उसे चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराएं। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान डीएम ने बताया कि अब तक जिले में कोरोना से पॉजिटिव एक भी मरीज चिह्नित नहीं किया गया है। वहीं इससे मृत्यु की दर भी नगन्य है। वहीं वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए सभी स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्रों को तत्काल प्रभाव से 31 मार्च तक बंद रखा जाय। जबकि किसी भी प्रकार के आयोजनों में भीड़ एकत्रित न होने दें। इसके प्रति सकारात्मक कदम उठाएं तथा अफवाह नहीं फैलने दें।
बड़ी बाजार स्थित माध्यमिक शिक्षक संघ भवन में धरने पर बैठे शिक्षक
सभी स्वास्थ्य कर्मियों का अवकाश 31 मार्च तक के लिए रद्द
पंचायतों में नहीं करें आम सभा का आयोजन
समीक्षा के दौरान डीएम ने बीडीओ को निर्देश दिया कि जब तक कोरोना पर नियंत्रण नहीं पा लिया जाता है अथवा सरकार स्तर से काेई आदेश नहीं प्राप्त हो जाता तब तक पंचायत स्तर पर आम सभा सहित अन्य आयोजन नहीं किया जाय। वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को स्वास्थ्य केंद्र में आइसोलेशन वार्ड खोलने एवं जेई टीकाकरण अभियान को रोकने, स्वास्थ्य कर्मियों को छुट्टी नहीं देने तथा आशा एवं एएनएम को करोना वायरस से बचाव का प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया।