नुक्कड़ नाटक से दी कोरोना से बचाव की जानकारी
जिला भाजपा किसान मोर्चा एवं कर्मभूमि कला केंद्र की ओर से कोरोना वायरस से बचाव को लेकर जागरुकता अभियान चलाया गया। इसके तहत गुरुवार को प्रखंड के गायत्री मंदिर बरियारपुर के समीप नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। जिसका नेतृत्व भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह और कर्मभूमि कला केंद्र के संयोजक शत्रु आर्या ने किया। नुक्कड़ नाटक का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद भाजपा नेता मुकेश कुमार सिंह, होम्योपैथ चिकित्सक डॉ राकेश मोहन, थानाध्यक्ष बरियारपुर आरके रंजन के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कर्मभूमि कला केंद्र के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कोरोना वायरस के बचाव के बारे में लोगों को जागरूक किया। नाटक के उपरांत होम्योपैथ चिकित्सक डॉ राकेश मोहन ने बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना वायरस से डरने की जरूरत नहीं है। इसके लिए सावधानी बरतें और साफ सफाई पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने इस वायरस के लक्षण के बारे में बताया कि सर्दी के साथ बार बार छींक आना, हल्का बुखार, सीने में दर्द, सांस फूलना जैसी शिकायत हो तो नजदीकी चिकित्सा केंद्र में जाएं। जहां इसका सरकारी स्तर पर इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नाक में उंगली, मुंह में उंगली ना डालें।
हाथ धोकर ही खाना खाएं
हाथ धोकर ही खाना खाए, और गर्म खाना ही खाएं। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस जैसे रोग से लड़ने के लिए शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए आर्सेनिकम एल्बम 200 होम्योपैथ दवाई का एक-एक बूंद सुबह-शाम 3 दिनों तक लें। भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह और भाजपा नेता रजनीश कुमार के द्वारा लगभग 400 लोगों के बीच उक्त दवाई की छोटी सीसी का वितरण मुफ्त में किया गया। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष रजनीश कुमार, जदयू जिला महासचिव प्रफुल्ल कुमार, रंगकर्मी शुगम कुमार, संजीत कुमार के साथ बड़ी संख्या में महिला व पुरुष उपस्थित थे।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जानकारी देते कलाकार।