- Hindi News
- National
- Jamalpur News No Need To Be Scared On The Corona Fatal Be Cautious Adopt Safety Measures Take Special Care Of Cleanliness
कोरोना जानलेवा जरूर पर डरने की जरूरत नहीं, सतर्क रहें, सुरक्षा के उपाय अपनाएं, सफाई का रखें विशेष ध्यान
नियमित योगासन करें, बासी और सी-फूड से करें परहेज ताकि शरीर में बनी रहे रोग प्रतिरोधक क्षमता
कोरोना वायरस जानलेवा जरूर है लेकिन इससे भयभीत होने की जरूरत नहीं है। हालांकि यह साबित हो चुका है कि कोरोना वायरस के प्रभाव में आए मरीजों के इलाज के लिए कारगर इलाज अभी उपलब्ध नहीं है। लेकिन यदि स्वास्थ्य निदेशालय व भारत सरकार के स्तर से जारी उपायों को शत प्रतिशत अमल में लाएं तो काेरोना के चपेट में आने से बचाव की पूरी संभावना है। सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डा. पुरुषोत्तम कुमार, वरीय चिकित्सक डा. सुधीर कुमार व जमालपुर पीएचसी के प्रभारी चिकित्सक डा. बलराम प्रसाद ने यह जानकारी दी।
चिकित्सकों ने बताया कि फिलहाल मौसम में भी बदलाव हो रहा है। इस मौसम में सर्दी, जुकाम व बुखार होना आम है। जिससे घबराने की आवश्यकता नही है। फिर भी अगर इस प्रकार के लक्षण दिखें तो अविलंब अपने नजदीकी चिकित्सक से संपर्क करें। सावधानी ही इस महामारी से हमारी रक्षा कर सकती है। बता दें कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना को महामारी घोषित कर दिया है। जिसके बाद से भारत में कई देशों के पर्यटकों का आना प्रतिबंधित कर दिया गया है।
साफ-सफाई का रखें विशेष ख्याल, संदिग्ध से बनाए रखें दूरी
सदर अस्पताल के सर्जन डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि काेराेना से भयभीत हाेने की आवश्यकता नहीं है। इससे लड़ने के लिए मजबूती के साथ खड़ा हाेना हाेगा। साफ-सफाई के बल पर इससे लड़ सकते हैं। खुद साफ सफाई रखें साथ ही आसपास भी पूरी तरह से सफाई पर विशेष ध्यान दें। स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों पर अमल भी जरूरी है। किसी व्यक्ति से कम से कम एक मीटर के फासले से मिलें जिससे कि उसके मुंह से निकलने वाले थूक व सांस एक दूसरे तक नही पहुंच सकें।
जंक फूड का सेवन नहीं करें, मास्क का करें प्रयोग
सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि मछली-मांस का प्रयोग बिल्कुल बंद कर दें। जंक फूड सहित अन्य पैक भोज्य पदार्थों का सेवन नहींं करें। संतुलित पोषक पदार्थ का उपयोग करें। यथासंभव योग का भी सहारा लें। ताकि आपके शरीर में प्रतिरोधक क्षमता बनी रहे। कोरोना का वायरस आंख, नाक व मुंह के रास्ते ही शरीर में प्रवेश करता है। अत: मास्क का प्रयोग जरूर करें।
भीड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें, संतुलित आहार ले
जमालपुर पीएचसी के प्रभारी डॉ. बलराम प्रसाद ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों व भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। अगर ऐसी जगहों पर जाना जरूरी हो तो मास्क का प्रयोग जरूर करें। ज्यादा से ज्यादा मात्रा में संतुलित आहार लें जिससे कि आपका शरीर किसी भी रोग से लड़ने की क्षमता बनी रहे। बता दें कि जिले के पहले कोरोना संदिग्ध मरीज की जांच डॉ. बलराम ने ही की है।
सदर अस्पताल में बनाया गया कोरोना वायरस का वार्ड।
संतुलित आहार का सेवन करें, मांस-मछली व जंक फूड से करें परहेज
सर्दी-खांसी से ग्रसित मरीजों से कम से कम एक मीटर के फासले से मिले