- Hindi News
- National
- Jamalpur News Recovery Of Lakhs In The Name Of Promotion In Rail Factory Discussion Synonymous With Embezzlement And Scams
गबन व घोटालों का पर्याय बना रेल कारखाना चर्चा में प्रमोशन के नाम पर लाखों की वसूली
जमालपुर रेल कारखाना में सीबीआई द्वारा वैगन घोटाला जांच का मामला अभी थमा भी नहीं था कि एक नए विवाद ने फिर जन्म ले लिया। रेल कारखाना में कार्यरत क्लर्कों के प्रमोशन के मामले में लाखों रुपये के लेन-देन की बात सामने है। कारखाना में कार्यरत क्लर्क-2 को विभागीय दक्षता परीक्षा के बाद प्रमोशन देकर क्लर्क-1 में नियुक्त किया गया। इस परीक्षा में विभाग द्वारा करीब 60 क्लर्कों से प्रमाेशन के नाम पर 40 से 50 हज़ार रुपये लिए गए। इसके बाद ही विभाग द्वारा सभी क्लर्कों को परीक्षा में पास कर क्लर्क-2 से क्लर्क-1 में प्रमोट किया गया।
क्लर्क को प्रमोशन देने के लिए आंतरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई। लेकिन इस परीक्षा में शामिल होने वाले कुल 60 कर्मचारियों से परीक्षा पास कराने और क्लर्क-2 से क्लर्क-1 में सभी को प्रोमोट करने के नाम पर मोटी रकम की उगाही की गई। इस परीक्षा में जनरल और पर्सनल डिपार्टमेंट के कुल 30-30 ग्रेड-2 क्लर्क की परीक्षा ली गई। इस परीक्षा के बाद इन्हें ग्रेड-1 में पास किया गया।
यह इंटरनल सिक्यूरिटी का मामला नहीं दे सकते हंै कोई भी जानकारी
जमालपुर रेल कारखाना के कार्मिक अधिकारी बी राकेश ने इस मामले में चुप्पी साधते हुए कहा कि यह हमारा इंटरनल सिक्यूरिटी का मामला है। इसकी जानकारी हम नहीं दे सकते। वहीं अगर किसी को इस मामले में सवाल उठना है, तो वो सवाल उठाते रहें।
जांच नहीं हुई तो किया जाएगा आंदोलन
नेताओं ने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी से 30 से 70 हजार तक की वसूली परीक्षा पास कराने के नाम पर रेल के अधिकारियों ने किया है। अगर मामले की निष्पक्ष जांच हो तो विभागीय परीक्षा में हुए अवैध वसूली का पर्दाफाश हो सकता है। नेताओं ने रेल मंत्री से मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही ऐसा नहीं होने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी दी है।
राजनीतिक-सामाजिक संगठनों ने उठाए सवाल
रेल निर्माण कारखाना संघर्ष मोर्चा के संयोजक पप्पू यादव, पान स्वासी जन अधिकार मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष सुबोध तांती, नगर महासचिव संतोष कुमार तांती, युवा राजद नेता बमबम यादव तथा इंद्रदेव दास आदि ने बयान जारी कर कहा कि विभागीय परीक्षा के नाम पर रेल इंजन कारखाना जमालपुर में कर्मचारियों से मोटी रकम की वसूली की गई है। नेताओं ने आगे कहा कि अभी बैगन घोटाले का मामला लंबित है। वहीं, दूसरी ओर विभागीय परीक्षा के नाम पर रेल के अधिकारी लूट संस्कृति को बढ़ावा दे रहे हैं।
विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
जमालपुर रेल कारखाना।