- Hindi News
- National
- Jamalpur News Talk To Patients From A Distance Of 3 Feet In Opd Prevention Required With Mask Sdo
ओपीडी में 3 फीट की दूरी से मरीजों से करें बात, मास्क के साथ प्रिवेंशन जरुरी : एसडीओ
पूरी दुनिया के लिए विनाशकारी विपदा बन कर आई कोरोना का स्थानीय असर भी अब दिखने लगा है। स्वास्थ्य विभाग ने इस दिशा में अपनी तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को स्वास्थ विभाग के साथ स्थानीय प्रशासन ने भी एतिहात के रूप में कदम उठाने शुरू कर दिए है। शनिवार को अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ ने स्थानीय पदाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों के साथ बैठक कर कोरोना के संक्रमण से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। दिलचस्प बात रही कि बैठक में सभी पदाधिकारियों ने भी प्रिवेंशन के तौर पर मास्क लगा रखा था। साथ ही सरकार के निर्देश पर विभिन्न कॉलेज, विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र को बंद रखने के आदेश को लेकर भी सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। बैठक में अफवाहों से बचने के साथ कोरोना वायरस से नहीं घबराने की अपील लोगों से की।
वहीं दो दिन पूर्व जमालपुर में कोरोना के एक संदिग्ध मरीज के मामले सामने आने के बाद हवेली खड़गपुर में भी स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी और स्वास्थ्य कर्मी पूरी तरह सतर्कता बरत रहे हैं। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना के संभावित खतरे को देखते हुए चिकित्सक सहित स्वास्थ्य कर्मियों को सतर्क और हमेशा सजग रहने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक के साथ-साथ लैब और प्रसूति गृह में एएनएम तक प्रिवेंशन के रूप में मास्क लगाकर सतर्कता बरतते दिखे। वहीं स्वास्थ केंद्र में जगह-जगह सफाई की व्यवस्था दुरुस्त दिखी। इधर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. लाल बहादुर गुप्ता ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ओपीडी में सभी चिकित्सकों को हिदायत दी गई है कि वे किसी भी मरीजों से तीन फीट की दूरी बनाकर ही बातचीत करें। मास्क के साथ प्रिवेंशन जरुरी है। डा. गुप्ता ने बताया कि अगर स्वास्थ केंद्र में कोई कोरोना का संभावित मरीज पहुंचता है तो तात्कालिक रूप से उन्हें ऑब्जरवेशन में रखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना से डरने की कोई जरूरत नहीं है।
कोरोना को लेकर स्थानीय पदाधिकारियों के साथ बैठक करते एसडीओ व अन्य।