पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Bariarpur News Unseasonal Rains Ruin Crop Of Pulses Oilseeds And Wheat Fear Of Germination In Crops Kept In Barn Desolation

बेमौसम की बारिश से दलहन, तिलहन व गेहूं की फसल बर्बाद,खलिहान मंे रखी फसल में अंकुरण का डर, मायूसी

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

शुक्रवार दोपहर बाद से लगातार हो रही बारिश के कारण खलिहान में रखी दलहन और तिलहन की फसल बुरी तरह से भींग गई है। किसान अभी बाढ़ और पाला के कहर से उबरे भी नहीं थे कि बेमौसम की इस बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। बारिश के कारण अरहर, चना, मसूर, मटर, खेसारी की फसल बर्बाद हो गई है। किसान फुचो मंडल, उदय मंडल, सनत कुमार, ललिता रानी, प्रमिला देवी, प्रमोद मंडल, राजकुमार, रासबिहारी शर्मा आदि ने बताया कि दलहन की फसल पककर तैयार थी, जिसे काटकर खलिहान में रखा था, कई किसानों का फसल खेत में ही था। ऐसे फसलों के दाने टूटकर खेतों में ही रह जाएंगे।

दूसरी ओर चना और अरहर की फसल में अभी फूल आ रही थी, बारिश के कारण फूल फल बनने से पहले ही खेतों में झड़ गए। जिससे ये दोनों फसल भी बर्बाद हो गई। दलहन की फसल जिसमें 2 दिनों से पानी लग रहा है और मौसम के अनुरूप फसल सूखने में और अधिक समय लगेगा ऐसे फसल अब स्टोर करने लायक भी नहीं रह पाएगा। तेलहन के किसानों ने बताया तीसी, सरसों की फसल को काटकर खलिहान पर रखा था, वह बारिश में भींग कर पूरी तरह से प्रभावित हो गई है। यदि बारिश की स्थिति इसी तरह बनी रहे तो अब खलिहान और खेतों में रखे दलहन और तिलहन की फसल में अंकुर आने लगेगा।

आम के मंजर में इस समय की बारिश जहर जैसी

हवेली खड़गपुर | बे-मौसम बारिश ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया और अच्छे फसल की आस लगाए किसानों के लिए यह बारिश तबाही का मंजर लेकर आया। पिछले 2 दिनों से लगातार हो रही बारिश जहां एक तरफ बसंत ऋतु के मौसम में सावन का नजारा पेश कर रहा है तो दूसरी ओर इस असमय की बारिश ने आम जनजीवन को हलकान कर दिया है। खेतों में खड़ी दलहन, तिलहन और गेहूं की लहलहाती फसल जमीन में लोट कर बर्बाद हो रही है। अचानक मौसम के मिजाज बदलने और बेरुखी के कारण ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के किसानों के खेतों में लगी फसल प्रभावित होने की आशंका से किसानों के चेहरे पर मायूसी छाई हैं। वही मार्च के इस माह में अचानक बेमौसम बारिश से आम के मंजर को भी नुकसान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

विशेषज्ञ की माने तो अभी आम के मंजर के पुष्प में परागण की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन इस बारिश ने मानो जहर का काम कर डाला। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे तक आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और जोरदार बारिश होगी। रबी की फसल अब तैयार होने को है। ऐसे में यह बारिश नमी के साथ फसल को काफी प्रभावित करेगा। वही खलिहानों में मसूर की फसल जो तैयारी को लेकर रखे हुए है। उसे भी तैयार करने में बारिश परेशानी का सबब पैदा कर रहा है। गुरुवार की देर रात से शुक्रवार को भी दिन भर लगातार बारिश होने से आम लोगों का घर से निकलना भी दूभर हो गया।

बारिश से किसानों को नुकसान

संग्रामपुर | शुक्रवार से शुरू हुई बारिश शनिवार की देर शाम तक लगातार जारी है। इस बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को हुआ है। आम की फसल के साथ-साथ गेहूं, दलहन एवं तिलहन की फसल के उत्पादन को लेकर किसान बेहतर उम्मीद कर रहे थे। परंतु शुक्रवार की बारिश ने किसानों की इस उम्मीद पर पानी फेर दिया। किसान मन्नू सिंह ने कहा कि मौसम की बारिश हम लोगों के ऐसे कई किसानों के लिए काल बनकर आई है। मैंने लगभग 2 बीघा खेत में गेहूं की फसल लगाई थी। जिसमें दाना भर रहा था परंतु इस बारिश से खेत में लगे पौधे जमीन पर गिर कर धराशाई हो गए हैं। अब लगाई हुई फसल तो बर्बाद हो ही गई साथ ही साथ जमा पूंजी भी खत्म हो गई।

कहुआ के किसान रामखेलावन सिंह ने कहा कि इस साल बड़े अरमान से गेहूं की खेती की थी। फसल भी पूरी तरह लहलहा रहे थे। 2 दिन पूर्व लगे फसल का पटवन किया था परंतु शुक्रवार से लगातार जारी बारिश ने खेत में लगी फसल को धराशाई कर दिया। जहां फसल को देखकर रिकॉर्ड उपज की मंशा पाले बैठा था वहीं अब लागत घूमने की भी संभावना नहीं है। लगभग यही बात किसान श्याम प्रसाद ने कहीं। उन्होंने कहा कि इस बेमौसम की बारिश से हुई नुकसान पर अपनी व्यथा सुनाते हुए किसान श्याम प्रसाद ने बताया की मैंने 5 बीघा खेत में दलहन की खेती की थी। कुछ खेत में चना की फसल लगी हुई थी फूल से लदे थे। परंतु इस बेमौसम की बारिश से चना के पौधे के सारे फूल झड़ चुके हैं। वही कुछ खेत में मसूर की फसल लगे हुए थे जो पक चुके थे। वह भी इस बारिश और हवा में पूरी तरह से गिर चुके हैं।

सहजन के 90 फीसदी फूल झड़े

किसानों ने बताया कि ऐसे में हम किसान अगली मौसम के लिए ऐसे फसलों को संरक्षित नहीं रख सकेंगे। फलदार वृक्षों को भी बारिश ने क्षति पहुंचाई है। आम के मंजर में बारिश के कारण रोग व्याधियों का प्रकोप बढ़ने की संभावना से किसान चिंतित हैं। वही सहजन में जो फूल लगे थे वह 90% तक बारिश के कारण बर्बाद हो गए हैं। प्रखंड कृषि पदाधिकारी इकबाल अहमद ने बताया कि विभाग द्वारा फसल का आंकलन किया जाएगा। विभागीय निर्देशानुसार किसान हित में कार्यवाही की जाएगी।

गेहूं की खड़ी फसल लगातार बारिश से हो गई धाराशायी।

खलिहान में बारिश के पानी मे भींग कर बर्बाद हो रही तिलहन व दलहन की फसल।
खबरें और भी हैं...