डायवर्सन में फंसा वाहन दिन भर रहा सड़क जाम
पथ निर्माण विभाग द्वारा बनाये जा रहे सड़क निर्माण मे संवेदक एवं इंजीनियर की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रहा है। डायवर्सन बनाने में की जा रही लापरवाही से प्रत्येक दिन गाड़ियां फंस रही है। शनिवार को भी जमालपुर-धरहरा मुख्यमार्ग स्थित दशरथपुर पेट्रोल पंप के नजदीक डायवर्सन में ट्रक फंसने से दिनभर आवागमन बाधित रहा। सड़क निर्माण के दौरान जगह-जगह गड्ढा बनाकर छोड़ दिये जाने से दिन भर दर्जनों गाड़ियां रोज फंसती है। शनिवार को डायवर्सन में ट्रक फंसने के साथ ही जगह-जगह गड्ढे में गाड़ियां फंसने के कारण जमालपुर-धरहरा मुख्यमार्ग पर दिन भर आवागमन बाधित रहा। जिसके कारण यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण के नाम पर सरकारी राशि का लूट किया जा रहा है। सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ख्याल नहीं किया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण के नाम पर किये गढ्ढे पर रोलिंग नही किये जाने से बरसात में गाड़ियां फंस रही है। डायवर्सन अौर गड्ढे में जो गाड़ियां फंस रही थी, उसे निकालने के लिए संवेदक के जेसीबी का ड्राइवर 200 से 400 रुपये गाड़ी निकालने के लिए ले रहा था। स्थानीय ग्रामीण सुनील कुमार, भुटो तांती, इंदल मंडल सहित अन्य ने डीएम से सड़क निर्माण में हो रहे लूट-खसोट की जांच की मांग की है।