बारिश से सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस कम हुआ तापमान
आज शाम से आसमान से हटेंगे बादल, कल से तल्ख होगा मौसम का मिजाज
मुजफ्फरपुर | पिछले 36 घंटे से जिला समेत उत्तर बिहार का बदला मौसम 16 मार्च के बाद ही पूरी तरह साफ हाेगा। रविवार की शाम से घने बादलों के छंटने के कारण बारिश नहीं हाेने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। शनिवार काे दूसरे दिन भी अधिकतम तापमान 2.5 डिग्री की कमी के साथ सामान्य से 10 डिग्री कम 21.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके साथ ही एक डिग्री कमी के साथ न्यूनतम तापमान के सामान्य के बराबर हाेने से लाेगाें काे दिन में भी ठंड का अनुभव हुअा। शनिवार काे दूसरे दिन भी जिले का मौसम पूरी तरह बदला रहा। दिनभर जारी बूंदाबांदी के साथ ही तापमान में तेजी से कमी अाने से ठंड एकबार फिर से लाैट अाई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक आसमान में बादल के साथ ही हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इसके साथ ही अगले दाे दिनाें तक सुबह में आसमान में काेहरा के छाया रह सकता है। गुरुवार के मुकाबले दाे दिनाें में दिन के तापमान में रिकार्ड सात डिग्री की कमी अाने से शनिवार काे लाेगाें ने फिर से ठंड से बचने के लिए स्वेटर, चादर व टाेपी में नजर अाए। पूसा कृषि मौसम परामर्शी सेवा के नाेडल अधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने रविवार की शाम तक इस क्षेत्र में हल्की वर्षा या बूंदाबांदी हाेने की अाशंका जताई है।