खबड़ा व माेतीझील से 174 कार्टन शराब हुई बरामद
मुजफ्फरपुर | उत्पाद विभाग की टीम ने रविवार को अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर 174 कार्टन विदेशी शराब बरामद की। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उत्पाद अधीक्षक दीनबंधु ने बताया, आरोपित माेतीझील के पांडेय गली का राहुल पटेल है। उसे उसके घर से पकड़ा गया है। उसके यहां से 144 कार्टन शराब बरामद की गई। इसमें 44 कार्टन बियर है। शेष शराब उसने घर में छिपाकर होली में खपाने के लिए रखी थी। गुप्त सूचना के अाधार पर नगर थाने की पुलिस के साथ छापेमारी की गई। आरोपित ने बियर को फ्रिज में छिपाकर रखी थी। वह वेंटिलेटर से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों ने उसे खदेड़कर पकड़ा। जांच में पता लगा कि वह पूर्व में भी कई बार शराब के मामले में जेल जा चुका है। इधर, खबड़ा से टीम ने तीन झोपड़ियों से 30 कार्टन शराब बरामद की।