मिडिल से हाई स्कूल में अपग्रेड होने वाले जिले के 192 स्कूलों को स्मार्ट क्लास के लिए मिलेंगे ~90 हजार
मिडिल स्कूल से हाई स्कूल में अपग्रेड होने वाले जिले के 192 स्कूलों को स्मार्ट क्लास के संचालन के लिए 90 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसमें 126 ऐसे मिडिल स्कूल हैं जिसका चयन हाई स्कूल में अपग्रेड करने के लिए किया गया है। वहीं इससे पहले 66 स्कूलों का चयन किया गया था। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत 1 अप्रैल से हर पंचायत में हाई स्कूल में पढ़ाई शुरू होनी है। इस कड़ी में जिले के कुल 126 स्कूलों का चयन
किया गया है।
सभी स्कूलों में होने वाले कक्ष निर्माण को लेकर गुरुवार को डीईओ डॉ. विमल ठाकुर ने सभी प्रखंडों के बीईओ, डीपीओ व बीआरपी के साथ बैठक की। इसमें फैसला लिया गया है कि बीईओ संबंधित प्रधानाध्यापक को निर्देश देंगे कि हर हाल में कक्षाओं का संचालन पूर्व निर्धारित समय पर किया जाए। इस क्रम में सभी प्रधानाध्यापक अपने स्तर से वीएसएस यानी विद्यालय शिक्षा समिति की बैठक करेंगे। वहीं पंचायतों में अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा कि अब उनकी पंचायत में भी 9वीं कक्षा की पढ़ाई शुरू हो गई है। ऐसे मे पठन-पाठन के लिए कहीं और जाने की जरूरत नहीं है। डीईओ ने कहा कि हर हाल में सभी पंचायतों में निर्धारित समय पर पठन-पाठन शुरू करना है। इसमें लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई होगी।