सही उत्तर पर मिलेंगे 3 अंक गलत पर एक अंक कटेगा
डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) में नामांकन के लिए 28 मार्च को होने वाली प्रवेश परीक्षा में कुल 150 ऑब्जेक्टिव प्रश्न पूछे जाएंगे। इसका उत्तर परीक्षार्थियों को ओएमआर शीट पर देना अनिवार्य बना दिया गया है। सत्र 2020-22 के लिए होने वाले नामांकन को लेकर आयोजित प्रवेश परीक्षा में एक सही उत्तर के लिए छात्र-छात्राओं को तीन अंक मिलेंगे। वहीं, एक गलत उत्तर पर एक अंक काटे जाएंगे। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी शुक्रवार से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें समिति की वेबसाइट www.biharboardvividh.com पर विजिट करना होगा। यहां अभ्यर्थी अपना लॉगिन व पासवर्ड डालकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड केवल अॉनलाइन ही प्राप्त किया जा सकेगा। परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12.30 बजे तक होगी। परीक्षार्थियों को आधा घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा भवन में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, जूता-मोजा, घड़ी पहनकर एंट्री पर प्रतिबंध होगा।
जिले के 19 कॉलेजों में उपलब्ध हैं 1950 सीट
दो वर्षीय डीएलएड कोर्स में नामांकन के लिए जिले के 19 कॉलेजों में कुल 1950 सीटों पर नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा होगी। इसमें डायट रामबाग, प्राइमरी टीचर्स एजुकेशन कॉलेज चंदवारा, प्राइमरी टीचर्स एजुकेशन कॉलेज पताही व प्राइमरी टीचर्स एजुकेशन कॉलेज पोखरैरा सरकारी कॉलेज हैं। इसमें कुल 800 सीट उपलब्ध हैं।