अमित हत्याकांड : मास्टरमाइंड चुन्नू ठाकुर व रवि मास्टर के घर पर इश्तेहार चस्पा
सरैया के पाेखरैरा निवासी अमित कुमार की शराब तस्करी में वर्चस्व काे लेकर हत्या करने व मथुरा में शव फेंक देने के मामले में शनिवार काे पुलिस ने अपराधी सरगना चुन्नू ठाकुर के गन्नीपुर स्थित मकान पर इश्तेहार चिपकाया। मथुरा पुलिस मामले के आरोपियों के नाम पर इश्तेहार लेकर मुजफ्फरपुर पहुंची थी। पहले गन्नीपुर में चुन्नू ठाकुर के आवास पर इश्तेहार लगाया गया इसके बाद तुर्की अाेपी के चाेरकरिया गांव में चुन्नू के शागिर्द रवि सहनी उर्फ मास्टर के घर पर इश्तेहार लगाया गया। अमित के पिता भुवनेश्वर सिंह ने पुत्र की हत्या का अाराेप लगाते हुए चुन्नू ठाकुर, रवि उर्फ मास्टर, मोनू, जितेंद्र नागर व अन्य खिलाफ मथुरा थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। बीते साल 21 फरवरी को अमित काे रवि अपने साथ फ्लाइट से दिल्ली ले गया था। दिल्ली पहुंच कर अमित ट्रेसलेस हाे गया था। उसके चाराे मोबाइल बंद हाे जाने पर परिजनों काे आशंका सताने लगी थी। अमित का शव मथुरा में बरामद किया गया था। शव की पहचान छिपाने के लिए उसके शरीर व चेहरे पर पेट्रोल छिड़क अाग लगा दी गई थी। दिल्ली क्राइम ब्रांच से परिजनों के संपर्क करने पर सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। अमित के साथ रवि उर्फ मास्टर व अाेला चालक मोतिहारी के पंकज काे देखा। ड्राइवर पंकज सिंह ने खुलासा किया कि उसने ही अपनी कार से अमित के शव को मथुरा में ठिकाने लगाया। अमित से 19 लाख रुपए व स्वचालित पिस्टल लेने के बाद चुन्नू ठाकुर व अन्य नामजद आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी थी।