आंगनबाड़ी सेविका चयन के लिए बुलाई अामसभा में जमकर हंगामा
अाैराई | मथुरापुर बुजुर्ग पंचायत अंतर्गत बसुआ गांव के वार्ड संख्या 9 में आंगनबाड़ी सेविका चयन के लिए अायाेजित अामसभा में जमकर हंगामा हुअा। सीडीपीओ इरा सिन्हा ने ग्रामीणों से 2016 के पंचायत चुनाव के मतदाता सूची की मांग की। जब परिवारों की गिनती की गई तो वार्ड संख्या 9 में सामान्य परिवार 260 व अनुसूचित जाति 119 परिवार की गिनती की गई। ग्रामीणों का अाराेप था कि पूर्व में गलत मैपिंग पंजी बनाकर बिना प्रकाशन के ही सूची जिला को भेज दी गई थी, जिस पर सेविका चयन के लिए आम सभा 5 सितंबर 19 को हुई, उस समय भी लोगों ने हंगामा किया था। पुनः ग्रामीणों द्वारा 7 सितंबर को जिलाधिकारी को आवेदन दिया गया। जिलाधिकारी ने जांच का जिम्मा डीपीओ को दिया। जिस पर डीपीओ ने सीडीपीओ को मैपिंग पंजी की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। बावजूद इसके उक्त मैपिंग पंजी की जांच नहीं की गई व दाेबारा आम सभा की तिथि निर्धारित कर दी गई। आमसभा में पर्यवेक्षिका रिचा भारती, अनीता पोखरिया व मनीष कुमार समेत औराई थाने की महिला पुलिस के अलावा दर्जनों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।