चौपहरा, डोमकच, कठघोड़वा नाच, खुरदक और सिंघा बाजा जैसी लोक कलाओं पर झूमे कला प्रेमी
हाेली की मस्ती के बीच रविवार को गांव जवार के लोक जमघट कार्यक्रम में कलाकार और कला प्रेमी मस्ती में झूमते नजर आए। मंच पर लुप्त होती कई लोक कलाएं जीवंत हो उठी। मौका था गांव जवार की ओर से खादी भंडार ऑडिटोरियम में आयोजित लाेक जमघट का। इस मौके पर जिले के विभिन्न प्रखंडों की टीम ने लोक कलाओं की प्रस्तुति कर लोगों को मुग्ध कर दिया। कई कलाकारों ने जब विलुप्त होती कलाओं का प्रदर्शन किया तो दर्शक देख कर दंग रह गए। सकरा से आए महेंद्र ठाकुर और दिग्विजय सिंह की टीम ने बज्जिका लोक नृत्य चौपरहा प्रस्तुत कर लोगों की खूब तालियां बटोरी। इसके बाद विष्णु देव तिवारी के नेतृत्व में गायघाट की टीम ने डोमकच नाच की प्रस्तुति कर लोगों को मुग्ध कर दिया। बंदरा से आए अशोक शर्मा की टीम और वैशाली के संत रामेश्वर की टीम के लोक कलाकारों ने खुरदक बाजा और सिंघा बाजा के ताल पर कठघोड़वा नाच की प्रस्तुति दी। मोतीपुर से आए देवकी राम ने नगाड़ा वादन से सबको चौंका दिया।
उन्होंने नगाड़ा के साथ बोतल पर जब धुन छेड़ा तो तालियों से सभागार गूंज उठा। इस मौके पर वैशाली, समस्तीपुर, छपरा के कई कलाकारों ने लोक व होली गीतों की प्रस्तुति की। जनभागीदारी से हुए लोक जमघट में सजल कश्यप का तबला वादन, बंदरा के शत्रुघ्न सहनी का कठघोड़वा नाच कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। कार्यक्रम में लोक गायिका इंदुबाला शर्मा ने होली गीत, विष्णुदेव तिवारी, उदय कुमार झा, डाॅ. दिग्विजय नारायण सिंंह, अशोक शर्मा, आनंद चंचल, शोभा भवानी, दीपमाला, अर्जुन यादव, विनोद कुमार मिश्र, अंकित कुमार, अशोक शर्मा, अशोक ओझा सहित कई गायकों ने लोकगीतों की प्रस्तुति कर सबको मुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में जादूगरनी कंचन प्रिया ने अपने जादू के शो से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इस मौके पर गांव जवार के अध्यक्ष डॉ. कौशल किशोर चौधरी, बिहार खादी ग्रामोद्योग संघ के अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी व वीणा मीडिया के बृजमोहन, सोनू सरकार ने महिला कलाकारों को खादी अंग वस्त्र से सम्मानित किया।
लोक कलाआें की प्रस्तुति देते कलाकार।