ताड़ी दुकान हटाने को दाे पक्षाें में विवाद, घर में लगाई अाग
अजीजपुर नाका क्षेत्र के चोचहां नुनिया टोला स्थित ताड़ी दुकान को हटाने को लेकर मंगलवार को दो पक्षों में हुए विवाद में ताड़ी विक्रेता के समर्थकों ने विरोधियों के एक घर में देर शाम आग लगा दी। दमकल वाहन से आग पर काबू पाया गया। रामदेनी महतो, मच्छु महतो व नीरज महतो को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। अग्नि पीड़ित सिकंदर महतो की बहू ने थाने में अावेदन देकर बताया कि रामदेनी व मच्छू की गांव में ताड़ी की दुकान है। घर के पास ताड़ी दुकान होने से परेशान पड़ोसी सुंदर महतो, दशई महतो, सिकंदर महतो बराबर विरोध करते थे। सोमवार को पीने वालों ग्राहकों द्वारा अपशब्द भाषा का प्रयोग करने पर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। विवाद के क्रम में ताड़ी दुकान में तोड़फोड़ की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को समझा कर वापस लौट रही थी। इसी बीच ताड़ी दुकान के समर्थक लोगों ने सिकंदर महतो के झोपड़ीनुमा घर में आग लगा दी। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि मामले में विरोधियों को फंसाने के लिए गृहस्वामी ने ही अपने घर में आग लगाई है। पुलिस सभी बिन्दुओं पर छानबीन कर रही है।