कुश्ती खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए खुलेगा एकलव्य सेंटर, ट्रायल से चुने जाएंगे 20 खिलाड़ी
अब कुश्ती में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के लिए जल्द ही एकलव्य राज्य आवासीय कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना होगी। इसमें प्रशिक्षण पाने वाले खिलाड़ियों का चयन ट्रायल से होगा। इसके लिए 27 मार्च को बेगूसराय में ट्रायल का आयोजन होगा। ट्रायल के जरिए कुल 20 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत बीएसएस कॉलेजिएट प्लस टू उच्च विद्यालय बेगूसराय में आवासीय केंद्र की स्थापना होनी है। इसको लेकर कला, संस्कृति व युवा विभाग की ओर से जानकारी दी गई है। खिलाड़ियों का चयन गांधी स्टेडियम में 27 मार्च को 11 बजे होगा। जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार ने बताया कि इसकी सूचना कुश्ती संघ के जरिए सभी खिलाड़ियों को दी जा रही है। उन्होंने बताया कि कुश्ती (बालक) प्रशिक्षु खिलाड़ी की उम्र 12 से 14 वर्ष होनी चाहिए। वहीं ट्रायल में शामिल होने वाला खिलाड़ी 9वीं कक्षा का छात्र हो। प्रशिक्षु खिलाड़ी को जाति प्रमाण पत्र, आवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, आधार प्रमाण पत्र व विद्यालय प्रधानाध्यापक की ओर से सत्यापित परिचय पत्र साथ में लाना अनिवार्य है। दो पासपोर्ट साइज फोटो भी लाना होगा। आवासीय केंद्र में प्रशिक्षण के लिए केवल बिहार राज्य के ही खिलाड़ी आवेदन कर सकते हैं।
चुने गए खिलाड़ियों का नामांकन स्थानीय विद्यालय में कराया जाएगा
ट्रायल के आधार पर आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में चुने गए खिलाड़ी का नामांकन स्थानीय विद्यालय में कराया जाएगा। चयन के बाद उन्हें स्कूल से विद्यालय परित्याग प्रमाण पत्र लाना होगा। चयनित प्रशिक्षुओं को आवासीय केंद्र के छात्रावास में रहना होगा। वहीं भोजन की सुविधा सरकार के नियमानुसार होगी। अगर चुने गए खिलाड़ियों का प्रशिक्षण संतोषजनक नहीं पाया जाता है तो उन्हें ट्रेनिंग से मुक्त कर दिया जाएगा।