परीक्षाएं व फॉर्म भरने की प्रक्रिया 31 तक स्थगित
बीआरए बिहार विवि की सभी परीक्षाओं को 31 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए विवि ने यह फैसला किया है। राज्यपाल सचिवालय व राज्य सरकार से दिए गए निर्देश के आधार पर विवि में परीक्षा फॉर्म भरने की पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को 31 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. मनोज कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि सभी पीजी विभागाध्यक्षों, अंगीभूत, संबद्ध से लेकर तकनीकी अाैर बीएड कॉलेजों के प्राचार्यों को इसकी जानकारी दे दी गई है।
विवि के सभी छात्रावासों को भी 31 मार्च तक के लिए किया गया बंद
बीआरए बिहार विवि के सभी छात्रावासों को 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है। इसमें पुरुष छात्रावास से लेकर महिला छात्रावास शामिल हैं। यह जानकारी बीआरए बिहार विवि के डीएसडब्ल्यू डॉ. अभय कुमार सिंह ने दी। उन्हाेंने बताया कि सरकार से दिए गए निर्देश के अनुसार, छात्रावास को बंद करने का निर्णय लिया गया है। होली की छुट्टी के कारण भी अधिकांश छात्र-छात्राएं चले गए थे। 31 मार्च के बाद विवि की ओर से नोटिस जारी होने के बाद वे छात्रावास में लौटेंगे।
बाहर रहने वाले लोगों के लिए एमआईटी में रोक
एमआईटी, राजकीय पॉलीटेक्निक व महिला पॉलीटेक्निक में भी पठन-पाठन को 31 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। डीएसटी के निर्देश के बाद एकेडमिक काउंसिल की बैठक में एमआईटी प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। छात्र-छात्राओं को निर्देश दिया गया है कि रविवार दोपहर तक छात्रावास को अनिवार्य रूप से खाली कर दें। इस दौरान शिक्षकों व कर्मचारियों के लिए संस्थान खुला रहेगा। वहीं, कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि विभाग के निर्देश प्राप्त होने पर संशोधित सूचना जारी की जाएगी। साथ ही बाहर रहने वाले लोगों के लिए एमआईटी में घूमने पर भी रोक लगा दी गई है। महिला पॉलीटेक्निक में भी छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को नोटिस देकर 31 मार्च तक कॉलेज नहीं आने की बात कही गई है।