खाना बनवाने हलवाई काे बुला कर ले गए, चाकू गाेद मार डाला
कांटी थाना क्षेत्र के मियां पकड़ी में होली की शाम मंगलवार को एक युवक की चाकू गाेद कर हत्या कर दी गई। उसकी शिनाख्त मियां पकड़ी निवासी स्व. सूरज साह के 35 वर्षीय पुत्र रमेश साह के रूप में हुई। वह हलवाई का काम करता था। शाम में उसे घर के बगल स्थित पुलिया के समीप अचेतावस्था में देख कर परिजन इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। उसकी स्थिति गंभीर देख कर वहां से चिकित्सकों ने एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि होली के दिन रमेश को गांव के ही दो व्यक्ति हलुवाई के काम करने की बात कह कर साथ ले गए। शाम में रमेश घर के बगल स्थित पुलिया के समीप खून से लथपथ मिला। हो-हल्ला होने के बाद पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान की। सूचना पर पहुंची कांटी पुलिस इस मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कांटी थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक के परिजनाें द्वारा 2 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है, पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का उद्भेदन किया जाएगा व आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं हत्या के बाद राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों ने आक्रोश जताते हुए प्रशासन खिलाफ मोर्चा खोल लिया। इस दौरान राजद के इसराइल मंसूरी एवं हैदर आजाद ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की व हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
दो युवकों को हिरासत में ले पुलिस कर रही है पूछताछ
मनियारी में शराब माफियाओं ने वाहन चालक को मारी गाेली, अस्पताल में भर्ती
मुजफ्फरपुर के मां जानकी अस्पताल की आईसीयू में भर्ती मोरनिस्फ निवासी मो. नेहाल का इलाज करते चिकित्सक।
मनियारी | कच्ची पक्की-केरमा मुख्य मार्ग के मुरौल हाट के समीप बुधवार को बाइक सवार दो अपराधियों ने ओवरटेक कर सुमो चालक को गोली मार दी अाैर केरमा की तरह भाग गए। पुलिस ने जख्मी बसौली पंचायत के मोरनिस्फ निवासी मो. नेहाल को मां जानकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि नेहाल मनियारी पुलिस का काफी नजदीकी रहा है, जो इन दिनों शराब माफियाओं के निशाने पर था। थानाध्यक्ष नरेन्द्र कुमार ने बताया कि गहन जांच-पड़ताल की जा रही है। डीएसपी पश्चिमी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने भी घटना की सूचना मिलते ही जख्मी की हालत जानने अस्पताल गए। उन्होंने कहा कि अपराधियों द्वारा दो गोली मारी गई है। एक पेट व दूसरा कमर के बगल में लगी है। घटना स्थल से सुमो से दो खोखा बरामद हुअा है। जख्मी के होश में आने का इंतजार है। इसके बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।