सैकड़ों छात्र पीजी में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन से वंचित
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में पीजी में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि गुरुवार को समाप्त हो गई। लेकिन, मार्कशीट नहीं मिलने से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं आवेदन देने से वंचित रह गए। विश्वविद्यालय प्रशासन तिथि बढ़ाने पर विचार कर रहा है। हालांकि, आवेदन से वंचित छात्र संशय में हैं। छात्रों के मुताबिक, दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन लिया गया है। आवेदन के दाैरान पार्ट थर्ड का अंकपत्र भी अपलोड करना अनिवार्य है। लेकिन, कई कॉलेजों में अब तक मार्कशीट नहीं पहुंची है। छात्रों काे यह भी ऑप्शन था कि वेबसाइट से डिजिटल मार्क्स शीट का प्रिंटआउट निकाल उसे स्कैन कर वे अपलोड कर सकते हैं। लेकिन, आवेदन के समय स्कैन अंकपत्र अपलोड नहीं हुअा। गुरुवार काे विवि में अवकाश के बावजूद कई छात्र विवि पहुंचे अाैर परीक्षा नियंत्रक से इसकी शिकायत की।
कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही के कारण विद्यार्थियों को नहीं मिला अंकपत्र
परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही के कारण विद्यार्थियों को अंकपत्र नहीं मिला है। एक माह पूर्व ही कॉलेजों काे निर्देश दिया गया था कि वे विश्वविद्यालय से अंक पत्र प्राप्त कर लें। मगर, इंटर अाैर मैट्रिक परीक्षा हाेने का हवाला देकर कई कॉलेजों ने इस अाेर ध्यान नहीं दिया। इसी वजह से सैकड़ों छात्र पहले बीएड के एंट्रेंस टेस्ट के लिए आवेदन नहीं कर सके थे। अब यही स्थिति पीजी में दाखिले के लिए भी उत्पन्न हाे गया है। परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि छात्रों की समस्या काे देखते हुए आवेदन की तिथि बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। इस संबंध में वे कुलपति से भी बात करेंगे।